भक्ति साहित्य का पाठालोचन और डॉ. ब्रजेन्द्र कुमार सिंहल

भक्ति साहित्य का पाठालोचन और डॉ. ब्रजेन्द्र कुमार सिंहल


पाठालोचन वह शास्त्र है जिसके माध्यम से किसी प्राचीन या मध्यकालीन ग्रंथ के मूल रूप को खोजकर पुनर्निर्मित करने का प्रयास किया जाता है। प्रतियों की प्राचीनता, उनकी लिपि, लेखक का समय और जिस स्थान पर प्रति मिली है, उसके महत्त्व को रेखांकित करते हुए आलोचक का दायित्व लेखक की भाषा-शैली, व्याकरण, छंद-योजना और उस समय की सामाजिक-सांस्कृतिक परिस्थितियों के साथ पाठ की संगति का अध्ययन करना भी आवश्यक होता है। शुद्ध पाठ तक पहुँचने के लिए उपलब्ध प्रतियों का वर्गीकरण करना और यह देखना कि कौन सी प्रति किस 'वंश' की है। उसके बाद पाठ-परीक्षण करते हुए विभिन्न प्रतियों के अंतर को समझना और यह तय करना कि कहाँ लेखक की भूल है और कहाँ प्रतिलिपिकार की। फिर तर्क सहित पाठ शोधन करते हुए विषय-वस्तु के ज्ञान के आधार पर मूल पाठ का अनुमान लगाना महत्त्वपूर्ण कार्य है। वस्तुतः यह वैज्ञानिक विश्लेषण और साहित्यिक सूझ-बूझ का संगम है। इस दृष्टि से हिन्दी आलोचना में एक सुदीर्घ परंपरा रही है, जिसमें बाबू श्यामसुंदर दास, डॉ. माताप्रसाद गुप्त, आचार्य रामचन्द्र शुक्ल, आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी, परशुराम चतुर्वेदी, विश्वनाथ प्रसाद मिश्र, धीरेन्द्र वर्मा, मुनि जिनविजय आदि के नाम उल्लेखनीय हैं। इसी परंपरा में डॉ. ब्रजेन्द्र कुमार सिंहल वर्तमान हिन्दी पाठालोचन की विधा को प्रामाणिक रूप में आगे बढाते हुए निरंतर नवीन स्थापनाएँ प्रस्तुत कर रहे हैं। 

ब्रजेन्द्रकुमार सिंहल का जन्म 23 नवम्बर, 1956 को गंगापुरसिटी, जिला सवाईमाधोपुर, राजस्थान में हुआ। वे निर्गुणी सन्त-साहित्य, विशेषकर रामस्नेही सम्प्रदाय और दादूपंथ  सहित अनेक सन्त-भक्त सम्प्रदायों के साहित्य और इतिहास तथा प्राग्‌आधुनिक हिन्दी साहित्य के अधिकारी विद्वान हैं। उन्होंने संस्कृत साहित्य,  सन्त-वाणियों और वेदान्त-ग्रंथों का विशेष अध्ययन किया है। उनकी शताधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। जिनमें प्रमुख हैं- श्रीरामचरण चरितामृत, श्रीसुरतराम चरितामृत श्रीसुरतरामवाणी पूर्वार्द्ध (सटीक), श्रीरामप्रतापवाणी (पूर्वार्द्ध), रामस्नेही मत-सिद्धान्त-दर्पण (पूर्वार्द्ध), श्रीरामनिवास-वाणी, आचार्य हरिदास-वाणी, आचार्य हिम्मतराम ग्रन्थावली (सटीक), श्रीरामसेवकवाणी, श्रीपोहकरदास वाणी, श्रीमुरलीरामवाणी, श्रीजगन्नाथ-ग्रंथावली (सभूमिका), श्रीहरिराम-वाणी, मीरां -चरितामृत, वषनांवाणी (सटीक), टीला पदावली (सटीक), नाम-प्रतीत-भगतमाला (सटीक), नरसीजी रो माहेरो, ग्रंथ संतोष सुरतरु (सटीक), कन्हड्दास वाणी, सूफी दरवेश बाबा शेख फरीद जीवन और वाणी (सटीक), कान्हा-ग्रंथावली (सटीक), रज्जब की सरबंगी (सभूमिका), ब्रह्मदास (भगतराम शिष्य), वाणी (सटीक), मारवाड़ी दरियावसाहब जीवनी और वाणी, ब्रह्मदास (रामजन-शिष्य) वाणी राजस्थान में नरसी मेहता पर रचित साहित्य (नरसीजी रो माहेरी) आदि। इनके अतिरिक्त दो सौ से अधिक शोध-लेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। डॉ. सिंहल के इस योगदान का रेखांकन कतिपय उदाहरणों के माध्यम से स्पष्ट किया जा रहा है- 

मीरांबाई का साहित्य लंबे समय तक मौखिक परंपरा में रहा, जिस कारण उनमें बहुत अधिक क्षेपकों की संभावना थी। सिंहलजी द्वारा मीरांबाई के पदों के पाठालोचन में प्राचीनतम प्रतियों की खोज की  गई जो राजस्थान, गुजरात, ब्रज में बिखरी  हुईं  थी । उन्होंने केवल उन प्रतियों को आधार बनाया जो ऐतिहासिक रूप से प्राचीन थीं। उन्होंने हस्तलिखित ग्रंथों की खोज कर उन पाठों को वरीयता दी जो मीरां  के कालखंड के सबसे निकट थे। मीरांबाई की मूल भाषा राजस्थानी मिश्रित ब्रज थी। सिंहलजी ने पाठालोचन करते समय उन पदों को संदिग्ध माना जिनमें आधुनिक शब्दावली या ऐसी भाषा का प्रयोग था जो मीरां  के समय (16वीं शताब्दी) में प्रचलित नहीं थी। उन्होंने राजस्थानी के प्राचीन व्याकरणिक रूपों को ही प्रामाणिक माना।

‘मीरा’ अथवा ‘मीरां’ नामकरण की भ्रांतियों का निवारण करते हुए वे लिखते हैं, “नाभाजी का भक्तमाल, उसकी प्रियादास व बालकराम की टीकाएँ, राघवदासजी का भक्तमाल, उसकी चतुरदास की टीका, ये सभी ब्रज-भाषा में हैं। इन सभी में मीरां शब्द 'मीरां ' ही लिखा मिला है। नैणसी री ख्यात में भी 'मीरां' शब्द ही लिखा मिला है। राजस्थान के प्रसिद्ध इतिहासकार कविराजा श्यामलदास, मुंशी देवीप्रसाद, गौ.ही. ओझा, जगदीशसिंह गेहलोत, डॉ. गोपीनाथ शर्मा, रायबहादुर हरविलास सारदा, पं. विश्वेश्वरनाथ रेउ आदि अनेक विद्वानों ने मीरां को 'मीरां ' ही लिखा है। अतः राजस्थानी मीरां का वास्तविक नाम ‘मीरा’  न होकर 'मीरां ' ही है। इसे 'मीरां' ही लिखा, पढ़ा और बोला जाना चाहिये।“ यह कथन पाठ-परीक्षण करते हुए लेखकीय भूलों को भी उजागर करता है जो कि पाठालोचन की अनिवार्य शर्त है। 

इसी तरह मीरां के गुरु रैदास थे अथवा नहीं, इस संबंध में अलग-अलग मत हैं। डॉ. सिंहल ने  अनेक ग्रंथों का संदर्भ देते हुए अपना मत दिया है कि रैदास मीरां के गुरु नहीं थे-“सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण बात, मीरां को मेवाड़ में अनेक कष्ट दिये गये। प्रारंभ में वह उन कष्टों से विचलित नहीं हुई किन्तु जब राणा कष्ट दर कष्ट देता ही चला गया तब उसका धैर्य टूट गया और उसने मेवाड़ को छोड़ने का निर्णय कर लिया। यदि रैदास या रैदासपंथी कोई संत-महंत मीरां के गुरु होते तो वह ब्रजक्षेत्र और ब्रजक्षेत्र से द्वारका न जाकर सीधे काशी जाती जहाँ रैदासियों का मठ, गद्दी तथा महंताई की परंपरा है किन्तु मीरां तो पूरे जीवनभर कभी काशी गई ही नहीं। इस तर्क से भी यही सिद्ध होता है कि मीरां का रैदास या रैदासपंथी किसी भी संत से कोई सम्बन्ध नहीं था।”[2] डॉ. सिंहल ने आचार्य परशुराम चतुर्वेदी के मत की विवेचना भी की है जिसमें भक्तमाल के पद के आधार पर रैदासपंथी विट्ठलदास से मीरां को दीक्षित  होना बताया गया है-

"बिठलदास हरि भक्ति के दुहू हाथ लाडू लिया॥ 

आदि अंत निर्वाह भक्त पद रज सिर धारी। 

रह्यौ जगत से ऐंड तुच्छ जानें संसारी॥ 

प्रभुता पति की पधति प्रगट कुल दीप प्रकासी॥ 

महंत सभा में मान जगत जानें रैदासी।

पद पढत भई परलोक गति गुरु गोविन्द जुग फल दिया।

बिठलदास हरि भक्ति के दुह हाथ लाडू लिया॥[3]

डॉ. सिंहल के अनुसार इस छप्पय से बिठ्ठलदास की निम्न विशेषताएँ ज्ञात होती हैं जिनसे सिद्ध होता है कि विठ्ठलदास ‘रैदासी’ मीरां के गुरु नहीं थे ---  (क) वे साधु संतों की चरण-धूलि को अपने मस्तक पर रखते थे अर्थात् वे संत मात्र को पूज्य और वंदनीय मानकर उनकी तन-मन से अभ्यर्थना करते थे। (ख) वे भगवद्विग्रह के समक्ष पद गाते हुए नृत्य करते थे। (ग) वे रैदासी-रैदास की जाति में उत्पन्न हुए थे जिसके कारण वे रैदासी कहलाते थे। (घ) वे संसार से सर्वथा और सर्वदा उदासीन ही रहे क्योंकि उन्होंने संसार को असत्य जान लिया था। (ङ) वे साधुओं की बड़ी-बड़ी सभाओं में भी सम्मान पाते थे। (च) प्रभुता (लक्ष्मी) के पति विष्णु अर्थात् लक्ष्मीनारायण की पद्धति वाले संप्रदाय रूपी कुल को प्रकाशित करने वाले कुलदीपक थे। (छ) भगवद्विग्रह के समक्ष पद गाते समय भगवद्भावापन्न होकर वहीं निज इष्ट में लीन हो गये। इस तरह अपने मत का तर्क के साथ प्रस्तुतीकरण इसे वैज्ञानिक दृष्टिकोण प्रदान करता है और इसे स्वीकार्य बनाता है।

नाथ-सम्प्रदाय भारत का एक महत्त्वपूर्ण धार्मिक पंथ है जिसका उदय मध्ययुग में हुआ। हठयोग की साधना-पद्धति पर आधारित इस पंथ में बौद्ध, शैव तथा योग परम्पराओं का अद्भुत समन्वय है। गुरु गोरखनाथ के पूर्व यद्यपि अनेक गुरु हुए किन्तु इस पंथ के मुख्य आराध्य के रूप में गोरखनाथ की ही प्रतिष्ठा है। उन्हें यह श्रेय दिया जाता है कि उन्होंने सम्प्रदाय की योग-विद्याओं का एकत्रीकरण किया। ब्रजेंद्र कुमार सिंहल ने गोरखनाथ और नाथ साहित्य के पाठालोचन पर अत्यंत गंभीर और मौलिक विचार व्यक्त किए हैं। उनका मानना है कि गोरखनाथ का साहित्य हिंदी भाषा के क्रमिक विकास को समझने के लिए सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।

डॉ. पीतांबर दत्त बड़थ्वाल ने 'गोरखबानी' का संपादन किया था, लेकिन सिंहलजी ने इसमें पाठालोचन की और अधिक सूक्ष्म पद्धतियों के प्रयोग पर बल दिया। उनका मानना है  कि गोरखनाथ के नाम से प्रचलित बहुत सी रचनाएँ परवर्ती काल की हैं। उन्होंने आंतरिक साक्ष्य के आधार पर यह सिद्ध करने का प्रयास किया कि गोरखनाथ के वास्तविक पाठों में 'योग' की पारिभाषिक शब्दावली का प्रयोग अत्यंत सटीक और संयमित है। सिंहलजी मानते हैं कि गोरखनाथ का साहित्य केवल धार्मिक उपदेश नहीं है, बल्कि वह 'अनुभव की कविता' है। उन्होंने कहा कि गोरखनाथ ने हठयोग के कठिन सिद्धांतों को जनभाषा में जिस तरह ढाला, वह उनके उच्च कोटि के कवि और संपादक होने का प्रमाण है। गोरखनाथ का साहित्य सदियों तक जोगियों द्वारा गाकर सुरक्षित रखा गया। 

‘जाग मछंदर गोरख आया’- पंक्ति लोक में प्रसिद्ध है। गोरखनाथ और उनके गुरु मछिंद्रनाथ से जुड़ी एक पौराणिक और आध्यात्मिक पंक्तियाँ हैं। यह गोरखनाथ द्वारा अपने गुरु को सांसारिक मोह से जगाने के लिए कही गई उक्ति है। इसकी प्रामाणिकता को सिद्ध करते हुए डॉ. सिंहल स्पष्ट रूप से लिखते हैं, “अन्तः साक्ष्यों से स्पष्ट है कि गुरु मछिन्द्रनाथ कामिनियों के व्यामोह में फँसकर एक बार वृद्धावस्था में पथ-भ्रष्ट हुए थे जिनको गोरखनाथ ज्ञानोपदेश देकर उनको, उनके अतीत को बताकर, पुनः 'शैव-सिद्धामृत-योगमार्ग' में लौटा लाए। अतः गोरख द्वारा मछिन्द्रनाथ को चेतन करने की घटना शत-प्रतिशत सही व प्रामाणिक है।“[4] इस कथन में पूर्व के शोध को मान्यता प्रदान करने का भाव है, जो आलोचना धर्म का निर्वाह है तथा पाठालोचन की गंभीरता को व्यक्त करता है। 

चार युगों में चार स्थानों पर गोरखनाथ के अवतरित होने की बात को स्पष्ट करते हुए  डॉ. सिंहल इसकी मौलिक अवधारणा प्रस्तुत करते हैं, “बहुत सम्भव है, यह चार युगों की बात न होकर, गोरखनाथ के जीवन के चार पड़ावों की गाथा है। वे जन्मे टिल्ला, पेशावर पंजाब में, प्रकट हुए गोरखपुर में अर्थात् यहाँ आकर उनका योगमार्गी साधक का रूप परिपक्व रूप में सामने आया। तत्पश्चात् वे हुरमुज में जाकर अपने सिद्धान्तों के प्रचार-प्रसार में और भी ज्यादा तीव्रता से अग्रसर हुए और अन्त में काठियावाड़ सौराष्ट्र की धरती में रहे। यह क्षेत्र संयुक्त पंजाब सिंध से ज्यादा दूर नहीं। आज भी कच्छ काठियावाड़ में सिंधियों की अच्छी बसावट है। सम्भव है, गोरखनाथ इसीलिए अन्तिम समय में काठियावाड़ के क्षेत्र में रहे हों।“[5] यह प्रकटीकरण भविष्य के शोध को आधारभूमि प्रदान करता है।

डॉ. सिंहल गोरखनाथ का काल निर्णय करते समय अपना मत प्रामाणिक रूप से लिखते हुए नई स्थापना प्रदान करते हैं। वे स्पष्ट रूप से लिखते हैं, “आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी ऐसी हो दो-तीन मोटी-मोटी गल्तियाँ लिख गए हैं जिनको परवर्तियों ने बिना ऐतिहासिक ग्रंथों को पढे  व जाने यथारूप अपनी उस्तकों में उद्धृत किया है जबकि ऐतिहासिक पुस्तकों में उनके सम्बन्ध में पुष्कल चर्चाएँ बीसवीं शताब्दी के प्रथम द्वितीय चरण से ही हिन्दी- अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध हैं।  एक उदाहरण राजेन्द्र चोल के समय के सम्बन्ध में है। दूसरा उदाहरण प्रबन्ध-चिन्तामणि के आधार पर कंथड़ी व मूलराज सोलंकी सम्बन्धी विवरण है। आश्चर्य है कि प्रबन्ध-चिन्तामणि के अनुवादक स्वयं आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी हैं।“[6]

चूरू मण्डल का शोधपूर्ण इतिहास' ग्रंथ को पूर्व में भी अन्यान्य बिंदुओं की चर्चा करते समय उद्धृत कर चुके हैं। यह ग्रंथ अभी तक नाथ-पंथ के अध्येताओं के नोटिस में नहीं आया। यह ग्रंथ अनेक वर्षों तक चूरू-मंडल के गाँव-गाँव, ढाणी-ढाणी, जगह-जगह का कई-कई बार सर्वेक्षण करके विलक्षण प्रतिभा के धनी श्रीगोविन्द अग्रवाल के द्वारा लिखा जाकर 'लोक-संस्कृति-शोध संस्थान, नगरश्री चूरू द्वारा सन् 1974 में प्रकाशित किया गया है। इस पुस्तक के पृष्ठ-389 पर एक शिलालेख, जो लेखक व उनके अग्रज श्रीसुबोधकुमार अग्रवाल स्वयं ने नाथपंथी नोहर-मठ में जाकर देखा व जिसकी फोटो भी 28.08.1971 को उतारकर लाए और पुस्तक के उक्त पृष्ठ पर यथारूप छापा, नाथ-सम्प्रदाय के अध्येताओं के लिये अत्यन्त महत्त्वपूर्ण है और इससे गोरखनाथ का समय निश्चित् करने में महनीय प्रामाणिक सहायता मिलती है। यह शिलालेख नाथपंथ के मठ जो नोहर नामक गाँव,  गंगानगर जिले, हनुमानगढ़ तहसील में पड़ता है, में है।

डॉ. सिंहल का मत है, “मुझे ऐसा लगता है कि अमरनाथ, गोरखनाथ के साक्षात् शिष्य न होकर परम्परया शिष्य रहे होंगे. कम से कम 1-2 पीढी बाद के, तब ही तो शिलालेख पूरी परम्परा याद न होने के कारण नहीं लिखी गई और केवल नाथैक्य होने वाल नाथ व गुमट चढ़ाने वाले नाथ का तिथि मिति युक्त उल्लेख किया गया है। अतः हमारे पास इस शिलालेख के आधार पर यह निश्चित् प्रमाण है कि गोरखनाथ वि.सं. 1102 के बाद के ही नहीं, लगभग संवत 1075 के बाद के भी किसी कीमत पर नहीं हो सकते। यह समय सीमा रेखा गोरखनाथ के समय को निर्धारित करने के लिये अन्तिम सीमा है। इसके आगे जाने का कोई आधार नहीं है। इस बिन्दु को सबसे प्रथम लिखने का उद्देश्य भी यही है कि गोरखनाथ का समय हमको यदि वि.सं. 1075 के बाद का किसी आधार पर ज्ञात हो तो वह किसी भी स्थिति में मान्य नहीं हो सकता।“[7] यह स्पष्ट स्वीकारोक्ति पाठालोचन को स्वीकार्य बनाती है। 

ब्रजेंद्र कुमार सिंहल ने दादूदयाल और उनके द्वारा स्थापित 'दादू पंथ' के साहित्य पर जो कार्य किया है, वह हिंदी पाठालोचन के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण है। सिंहल जी दादू दयाल को राजस्थान का सबसे बड़ा "समन्वयकारी संत" मानते हैं । सिंहल जी ने यह रेखांकित किया कि दादू ने अपने पंथ का नाम पहले 'परब्रह्म संप्रदाय' रखा था, जो उनकी निर्गुण उपासना का प्रतीक था। उनका मत है  कि दादू कबीर की तुलना में अधिक "मृदु" और "उदार" थे। जहाँ कबीर की भाषा में 'फटकार' है, वहीं दादू की वाणी में 'पुकार' और 'अनुरोध' है। उपलब्ध ग्रंथों का वर्गीकरण करते हुए अन्य लेखकीय प्रतियों का स्पष्ट उल्लेख करते हुए निरपेक्ष भाव से प्रकट किया। जगन्नाथ कृत ‘मोह-मर्द-राजा की कथा’ कृति पर अपना मत प्रस्तुत करते हुए लिखते हैं- “मेरे पास उपलब्ध कई हस्तलेखों सहित दादूपंथ के अनेक हस्तलेखों में यह ग्रंथ लिखा मिलता है। जब ग्रंथांत को पढते हैं, तब ज्ञात होता है कि यह ग्रंथ बनाया तो संत जगन्नाथजी ने ही है, किन्तु ये जगन्नाथजी, दादू-शिष्य जगन्नाथजी न होकर, 'तुरसीदासजी' के शिष्य 'जन जगन्नाथजी' हैं।“[8] ये तुलसीदासजी व जन जगन्नाथजी रामानंदी संप्रदाय के संत थे। यह तटस्थ दृष्टि उनके पाठ आलोचना को समृद्ध बनाती है। 

ब्रजेंद्र कुमार सिंघल का रज्जब के पदों पर आधारित 'सरबंगी'  पाठालोचन की दृष्टि से एक अमूल्य कोश है। उनका विचार है  कि रज्जब ने केवल अपनी रचनाएँ ही नहीं लिखीं, बल्कि अपने समय के अन्य संतों की वाणियों का भी जिस कुशलता से संपादन और संग्रह किया, वह उन्हें मध्यकाल का एक महान 'संपादक' सिद्ध करता है। उन्होंने रज्जब के पाठालोचन के दौरान यह रेखांकित किया कि उनके पदों में अन्य कवियों की तुलना में पाठ-विकृति कम है, क्योंकि रज्जब की शिष्य-परंपरा ने उनकी वाणियों को लिखित रूप में सुरक्षित रखने पर विशेष बल दिया था। 

रज्जब के निवास और साधना स्थल के भ्रम का निवारण करते हुए वे स्पष्ट करते हैं, ”दादूदयाल को साँगानेर में निमंत्रित करने वालों के नाम उक्त वर्णन में (१) चाटसू निवासी हरिदास (२) ऊधौदास (३) नारायनदास (४) कारू (५) कुंभा व (६) दूसरा नारायण आये हैं। इनमें संत रज्जब का नाम कहीं भी नहीं आया है। यदि रज्जब सांगानेर में स्थाई रूप से रहते होते तो उनका व उनके शिष्यों का नाम उक्त विवरण में अवश्य आता। इससे भी हमारे उस कथन को बल मिलता है जिसमें हमनें कहा है कि रज्जब संतप्रवर दादूदयाल की संनिधि में आमेर में ही रहे। सांगानेर में नहीं रहे। मारवाड़ की रामत प्रारम्भ हो जाने पर रज्जब संतप्रवर दादूदयाल के साथ रामत में ही रहे। नरायना आ जाने पर नरायना आ गए। अंततः वि०सं० १६६२ के मेले में सन्त सुन्दरदास 'बूसर' के प्रसंग में गरीबदासजी से विवाद हो जाने पर इन्होंने नरायना सदा-सदा के लिए छोड़ दिया और ये पूरे ३० वर्ष पश्चात् १६९२ विक्रमसम्वत् में सन्त सुन्दरदास बूसर, पं० जगजीवनदास दौसा वालों के साथ नरायना पुनः गए जिसकी परिणति वि०सं० १६९३ में आचार्य गरीबदासजी के ब्रह्मलीन होने के रूप में सामने आई। जैसा हम पूर्व में लिख आये हैं, डॉ० कलेवर्ट की यह स्थापना निराधार है, जिसमें उन्होंने रज्जब को साँगानेर में ही रहकर साधना करते हुए दर्शाया है और मारवाड़ की रामत के समय दादूदयाल का शिष्य बनना लिखा है। उक्त विवरण से यह निष्कर्ष स्पष्ट तौर पर निकलता है कि स्वामीजी से साँगानेर आने के लिए निवेदन करने में हरिदास चाटसू निवासी तथा जनगोपाल के शिष्य चैनदास आदि का ही महत्वपूर्ण हाथ था।“[9] यह अन्वेषण पाठालोचन की सार्वकालिकता सिद्ध करता हैं, जहाँ आक्षेपों का स्थान नहीं रहता। 

डॉ. सिंहल ने रामस्नेही संप्रदाय के साहित्य और उसकी पांडुलिपियों के संरक्षण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। चूंकि यह संप्रदाय राजस्थान की धरती से उपजा और इसकी परंपरा मुख्य रूप से हस्तलिखित ग्रंथों और मौखिक गायन पर आधारित रही, इसलिए सिंहल  जी का कार्य यहाँ और भी चुनौतीपूर्ण और महत्वपूर्ण हो जाता है। रामस्नेही संप्रदाय की चार प्रमुख शाखाएँ हैं: शाहपुरा, रेण, सींथल और खेड़ापा। सिंहल जी ने इन चारों केंद्रों के 'वाणी-संग्रहों' का गहराई से अध्ययन किया। उनका मत है  कि शहपुरा के  रामस्नेही संतों ने अपनी रचनाओं को व्यवस्थित रखने के लिए 'वाणीजी' के रूप में जो संकलन तैयार किए, वे पाठालोचन की दृष्टि से बहुत शुद्ध हैं क्योंकि इस संप्रदाय में गुरु-शिष्य परंपरा अत्यंत अनुशासित रही है। रामस्नेही संप्रदाय में 'राम' नाम निर्गुण निराकार का प्रतीक है। सिंहलजी ने पाठालोचन के माध्यम से यह स्पष्ट किया कि संप्रदाय के कवियों (जैसे स्वामी रामचरणजी) के पाठों में जहाँ 'राम' शब्द आता है, वहाँ उसका अर्थ दशरथ-पुत्र राम से भिन्न है। उन्होंने पाठ-शोधन करते समय उन प्रतियों को अधिक महत्व दिया जिनमें निर्गुण दर्शन की स्पष्टता है । उनका मानना है  कि 'अणभै वाणी' केवल एक धार्मिक ग्रंथ ही नहीं है, बल्कि यह राजस्थानी और हिंदी के शब्द-सामर्थ्य का खजाना है।

शाब्दिक अर्थ की लाक्षणिकता को स्पष्ट किए बिना पाठालोचन को पूर्णता प्राप्त नहीं होती। इसी क्रम में एक स्थान पर उन्होंने पद्धति का अर्थ ‘पीढ़ी’ का समर्थन करते हुए तुलनात्मक विवरण देकर अपना मत प्रस्तुत किया- 'पीढ़ी' अर्थ लेने पर स्पष्टतः श्रीस्वामी रामानंदाचार्य, श्रीस्वामी रामानुजाचार्य की शिष्य-परंपरा में आ जाते हैं जबकि 'अर्चना-पद्धति', 'सिद्धान्त-पद्धति' अर्थ लेने से 'श्रीरामानुजाचार्य जैसे सिद्धान्त वाले श्रीरामानंदाचार्य हुए' शिष्य-परंपरा से अलग भी माने जा सकते हैं तथा परंपरा में भी माने जा सकते हैं। व्यक्ति किसी से सम्बद्ध अथवा असम्बद्ध विचारों से माना जाता है, वेश-भूषा से माना जाता है, आचार-व्यवहार से माना जाता है। श्रीरामानुजाचार्य एवं श्रीरामानंदाचार्य का विचार-दर्शन तथा आचार-दर्शन समान है। अतः हमारे विचार से पद्धति का अर्थ पीढ़ी ही करना समीचीन किम्वा न्यायोचित है। हमारे द्वारा यहाँ उपस्थित विस्तृत विवेचन से भी यही सिद्ध होता है कि पद्धति का तात्पर्य पीढ़ी ही होना चाहिये क्योंकि श्रीरामानंदाचार्य, श्रीरामानुजाचार्य की शिष्य-परंपरा में ही आते हैं।“[10] इससे शब्द की सार्थकता विषय-सापेक्ष प्रकट होती है, जो कि पाठ की आलोचना का महत्त्वपूर्ण तत्त्व है। 

हस्तलिखित प्रतियों का सम्पादन करते हुए पूर्व के लेखन की समीक्षा आवश्यक होती है। कई बार नवीन प्रति हाथ में आने पर आलोचक का विस्मित होना स्वाभाविक है। सूफी रचनाकार श्री रोहेल साहब की हस्तलिखित प्रतियों का सम्पादन करते हुए उनकी टिप्पणी महत्त्वपूर्ण है- “यह आश्चर्य का विषय है कि धुर सिंधु-देश के रहने वाले, इन मुस्लिम धर्मानुयायी परिवार में जन्मे दरवेशों ने सिंधी-प्रभावित ब्रजभाषा के छन्दों सहित सिन्धु-देश में प्रचलित काफी, रेखते एवं विभिन्न रागों के पदों में अपनी रचनाएँ लिखी हैं। इनकी भाषा प्रायः ब्रजी, मारवाड़ी और सिंधी है। कुछ सी-हरफियाँ व एक-दो काफियाँ पंजाबी-भाषा में भी हैं। लिपि अरेबिक-सिंधी है और यही कारण है कि वर्तमान समय तक इनकी रचनाएँ न तो हिन्दी क्षेत्र के विद्वानों के संज्ञान में आईं और न सिंधी विद्वान् ही अभी तक इनकी समग्र रचनाओं की खोजबीन कर इनको प्रकाशित कर सके। संभवतः इसका प्रधान कारण यही है कि इनकी रचनाओं की सीमित हस्तलिखित प्रतियों का मिलना व आजकल हस्तलेखों को पढ़कर पाठ-सम्पादन करने वालों का प्रायः अभाव-सा होता जा रहा है।“[11] इस कथन से यह भाव प्रकट होता है कि लेखन और समालोचना दोनों पूरक हैं। 

उक्त विवेचन से यह भाव प्रकट होता ही कि डॉ. सिंहल ने पाठ की आलोचना के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित करते हुए परिश्रमपूर्वक साक्ष्यों को जुटाकर प्रमाणपुष्ट कार्य सम्पन्न किया है। भाग, प्रभाग, कंडिका, उपकंडिका जैसे उपनामों से संबोधित विषय-सामग्री को प्रखंडों में विभाजित कर विवेचना सुग्राह्य बनाया है। सोपानीकरण के आधार पर निर्मित इस वृहद् कार्य को सुलभ कराने में लेखक ने सम्पूर्ण कार्य में एक आन्तरिक अन्विति की संरचना की है। विश्लेषण को प्रामाणिक रूप में प्रस्तुत कर निष्कर्ष निरूपण जैसी शैलियों का आश्रय लिया है, जिससे पाठालोचन में वैज्ञानिक दृष्टि समाविष्ट हुई है।

संदर्भ ग्रंथ 

[1] मीरांबाई: प्रामाणिक जीवनी एवं मूल पदावली, राजस्थान हिन्दी ग्रंथ अकादमी, जयपुर, सं. 2025, पृष्ठ, 21

[2] मीरांबाई: प्रामाणिक जीवनी एवं मूल पदावली, राजस्थान हिन्दी ग्रंथ अकादमी, जयपुर, सं. 2025, पृष्ठ, 72-73

[3] नाभा कृत भक्तमाल का छप्पय क्रमांक 177 

[4] महायोगिराज गोरखनाथ, राधाकृष्ण प्रकाशन, दिल्ली, सं. 2024, पृष्ठ, 137

[5] महायोगिराज गोरखनाथ, राधाकृष्ण प्रकाशन, दिल्ली, सं. 2024, पृष्ठ, 237

[6] महायोगिराज गोरखनाथ, राधाकृष्ण प्रकाशन, दिल्ली, सं. 2024, पृष्ठ, 202-203

[7] महायोगिराज गोरखनाथ, राधाकृष्ण प्रकाशन, दिल्ली, सं. 2024, पृष्ठ, 204

[8] गुणगंजनामा, श्री दादूपंथी साहित्य शोध संस्थान, जयपुर सं. 2021, पृष्ठ 65

[9] रज्जब की सरबंगी, प्रकाशक ब्रजमोहन साँवड़िया, रायगढ़, सं. 2010, पृष्ठ, 15

[10] आचार्य परंपरा, अंतरराष्ट्रीय राम सनेही संप्रदाय, शाहपुरा, सं. 2076 वि. 

[11] रोहल साहब ग्रंथावली, जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी, भोपाल, भूमिका


Search This Blog