Showing posts with label समीक्षा. Show all posts
Showing posts with label समीक्षा. Show all posts

रचनात्मकता की प्रतिध्वनि 'कृति की राह से'

 

रचनात्मकता की प्रतिध्वनि 

'कृति की राह से'

 ( साहित्य अकादेमी, नई दिल्ली द्वारा प्रकाशित पत्रिका 'समकालीन भारतीय साहित्य' में..)

 बी. एल. आच्छा हिन्दी के लब्धप्रतिष्ठ व्यंग्यकार, आलोचक एवं समीक्षक हैं। इसी वर्ष प्रकाशित 'कृति की राह से' पुस्तक हिंदी की समकालीन रचनाओं पर केंद्रित समीक्षाओं का संचयन है। गंभीर आलोचकीय मेधा से यह पुस्तक पाठकों को नई दृष्टि प्रदान करती है। इस पुस्तक में कुल चौंतीस कृतियों की समीक्षा है।  भूमिका में लेखक ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी दृष्टि में कृति ही लक्ष्य है, जहाँ विचारधाराओं का कोई आग्रह नहीं है। उन्होंने रचना में निहित वैचारिक सत्व, यथार्थ के बहुआयामी कोण, रचनाकार की वैयक्तिक विशिष्टता और सम्प्रेषणीयता  के स्तर पर नवीनता को तलाशने की कोशिश की है। इससे समीक्षा का आयतन विस्तारित हो गया है।   

    यदि तटस्थता से विचार किया जाये तो लेखन और समीक्षा साहित्य समृद्धि के दो अनिवार्य हेतु हैं।  लेखन में जहाँ रचनाकार का अंतःव्यक्तित्व किसी दृष्टिकोण और भावधारा के साथ प्रकट होता है, तो समीक्षक रचना की सम्प्रेषणीयता को मूल्यांकित करता है। उसका उद्देश्य पाठकों को रचना की अंतर्वस्तु से परिचित कराना, साहित्यिक परिमाप से रचना को मानकता की कसौटी पर परखना और युग-सापेक्षता तय करना है। समर्थ समीक्षक कृति में अन्तर्निहित मूल्य, युगीन परिवेश एवं कलात्मक संरचना को पहचान कर तर्कबद्धता से प्रस्तुत करता है। उसकी दृष्टि एवं विवेकशीलता से रचना की सार्थकता प्रमाणित होती है। इस प्रक्रिया में साहित्यिक मूल्यों के निर्वहन की अपेक्षा सदैव रहती है।

    इस पुस्तक में संकलित समीक्षाओं में हिंदी की लगभग सभी विधाओं को केंद्रित करते हुए विविध विषयों को भी समाहित कर लिया है। इनमें भारतीय सांस्कृतिक अतीत, लोकसाहित्य की पुकार, समकालीन जीवन में मूल्य,  चराचर जगत में मानवेतर प्राणियों की दुनिया, तीर्थ स्थलों की आध्यात्मिक अनुभूति,  प्रवासी सामाजिक जीवन में भारतीय मन, इतिहास और समकाल, साहित्यिक पत्रकारिता की दुनिया, भारतीय-पश्चिमी काव्यशास्त्र के प्रतिमान आदि विभिन्न विधाओं की कृतियों की समीक्षा के माध्यम से रचना के वस्तु और शिल्प का मूल्यांकन किया गया है।

    प्रथम सामीक्ष्य कृति ‘सागलकोट’ विभाजन की अकल्पित त्रासदी, साम्प्रदायिकता के खूनी जुनून और विस्थापन की पीडाओं से गुजरकर भारतीय सांस्कृतिक परिधि और इतिहास को साथ लेकर वर्तमान वैश्विक स्तर पर यह कथाकृति किस तरह से अन्य कृतियों से अलग है, इसका प्रतिबिम्ब दिखाई देता है। डॉ. हंसादीप के उपन्यास 'कुबेर' और सुधा ओम ढींगरा के कहानी संग्रह 'खिड़कियों से झाँकती आंखें' के माध्यम से प्रवासी सामाजिक जीवन को संवेदना के धरातल पर रेखांकित करते हुए समीक्षक ने प्रवासी भारतीयों के खुरदुरे यथार्थ को प्रकट करते हुए माना है कि इनमें जिन्दगी का गद्य चट्टानों–सा पसरा है, मगर मनोभूमि कविता की संवेदनात्मक लय से टकराती नजर आती है। ‘जिस्मों का तिलिस्म’, ‘अँधेरा उबालना है’, ‘वक्त कहाँ लौट पाता है’ आदि लघुकथा संग्रहों में मानवीय जीवन-संघर्षों और मूल्यों के साथ साहचर्य की तलाश को मूल्यांकित किया है। इसी प्रकार उत्तर आधुनिक जीवन के बदलते समाज मनोविज्ञान को ‘स्टेपल्ड पर्चियाँ’ कहानी संग्रह के मूल्यांकन में पहचाना है।

 अशोक भाटिया के लघु कथा संग्रह ‘अँधेरे में आँख’ की समीक्षा में इसके मूल स्वर को प्रकट करते हुए लिखा कि इनमें निम्न-मध्यमवर्गीय  समाज की पीडाओं, रूढ़ि-बद्धताओं के विरुद्ध प्रतिकार है। ‘माफ़ करना यार’ समीक्षा में कथाकार बलराम का व्यक्तित्त्व एक समकालीन साहित्यिक समाज के नायक के रूप में उभर कर आया है, जहाँ आत्म-व्यंजना की धुरी से युगीन साहित्यिक परिदृश्य की पड़ताल है। ‘सन्नाटे का शोर’ ललित निबंध संग्रह की समीक्षा करते हुए विविध निबंधों में व्यक्त लोक की पीड़ा के बहाने उन्होंने सांस्कृतिक प्रतिबोध को भी उजागर किया है। विवेचना में यह भाव प्रकट हुआ है कि ये ललित-निबंध ‘कोरोना काल’ की भयावह मृत्युलीला की करुणा से जितने द्रवित हैं, उतने ही सांस्कृतिक प्रवाह की जीवनी शक्ति के संबोधक भी।

    पुस्तक में ‘नगरी-नगरी द्वारे-द्वारे’ यात्रावृत्त की समीक्षा के बहाने भारतीयता का सांस्कृतिक भूगोल चाक्षुष बिम्ब की भांति चित्रित हुआ है, जिसमें जगन्नाथ पुरी, कोणार्क, अयोध्या, उज्जयिनी, वृन्दावन, चित्तौड़, सांवलियाजी आदि तीर्थों की महिमा प्रकट होती है। ‘देखो यह पुरुष’ नाटक में ईसा के व्यक्तित्त्व को ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में देखने का प्रयास हुआ है। आचार्य मानतुंग की अमर कृति ‘भक्तामर’ की व्याख्या आचार्य महाप्रज्ञ द्वारा ‘भक्तामर के अन्तस्तल का स्पर्श’ शीर्षक कृति में की है, जिसकी विवेचना करते हुए समीक्षक ने बताया कि यह व्याख्या आज के विज्ञान, मनोविज्ञान, समाजशास्त्र, सभी दर्शनों, तार्किक-भाविक शैलियों से जोडती है और युगीन परिप्रेक्ष्य में सार्थकता सिद्ध करती है।   

      शिवनारायण के प्रथम गजल-संग्रह ‘झील में चाँद’ का मूल्यांकन करते हुए लिखा कि इसमें दुष्यंत की हिन्दी गजल परम्परा की राह में बढ़ते हुए प्रकृति बिम्बों के नयेपन में सामाजिक परिदृश्यों को संजोया गया है। इसी प्रकार ‘कठपुतलियाँ जाग रही हैं’ काव्य-संग्रह में कविताओं के बहुआयामी रंग और उनकी बुनावट पर गंभीर चर्चा है।  ‘कोणार्क’ काव्यकृति, ‘समकाल के नेपथ्य में’ निबंध, ‘कथा कहे बलराम’ आलोचना, ‘महादेवी का मानवेतर परिवार’ संस्मरण, ‘डॉलर का नोट’, ‘सठियाने की दहलीज पर’, ‘लोकतंत्र की चौखट पर रामखेलावन’ आदि   व्यंग्य, गुजराती कहानियों की समीक्षाएँ पाठकों को पुस्तक की गहराई में ले जाती है, जहाँ उसकी पाठकीय संवेदना का आयत्तीकरण हो जाता है और वह रचनाकार के साथ चलने लगता है।

    शीर्षक कृति की मूल संवेदना को उजागर करता है। पुस्तक का कलेवर विनय माथुर ने भरपूर भावधारा से तैयार किया है, भूमिका स्वयमेव कवि की आलोचना दृष्टि को प्रकट करती प्रतीत होती है। इससे कृति का महत्त्व बढ़ गया है। इंडिया नेट बुक्स प्रा. लि., नोएडा द्वारा इसे सुन्दर ढंग से प्रकाशित किया गया है और संतोष का विषय है कि कृति का मूल्य पुस्तक के आकार अनुसार है। पुस्तक की समस्त समीक्षाएँ पाठकों के ज्ञानात्मक संवेदन को समृद्ध करने में समर्थ है।


 

पुस्तक  : कृति की राह से

लेखक   : डॉ. बी. एल. आच्छा

आवरण  : विनय माथुर

प्रकाशक  : इंडिया नेट बुक्स प्रा. लि., नोएडा, पृ.197

मूल्य    : 375/-




आदिम जाति की धड़कन 'शाका'

आदिम जाति की धड़कन 'शाका'


डॉ. अब्दुल रशीद अगवान रचित ‘शाका’ उपन्यास एक ऐसे गाँव की कहानी है, जहाँ मानव-सभ्यता का उदय हुआ। लेखक के दृष्टिकोण से दक्षिणी तुर्किये में 'फर्टाइल क्रिसेंट'  में जो पुरातत्वीय साक्ष्य मिले हैं, उनके आधार पर वैज्ञानिक जानकारी और कल्पना के अद्भुत मिश्रण में ढले इस उपन्यास में आज से लगभग 11500 साल पहले बसे एक मानव-ग्राम के दर्शन होते हैं और वहाँ बसी आदिम जाति की धड़कनों को सुना जा सकता है। उपन्यास के फलक में यह स्पष्ट किया गया है कि धरती के औसत ताप में कम अंतराल में ही बड़े उतार-चढ़ाव और फिर लघु-हिमयुग के प्रकोप से आदिम जाति लुप्त होने लगी। उसके बाद ग्रीष्म युग के आरंभ पर इस विनाश से बचे बहुते से लोग तूरा-पर्वत के दक्षिण में गुफाओं में या चट्टानों पर वास बना कर रहने लगे। उन्हीं में से कुछ लोग एक ऊँचे पठार पर बस गये और वहाँ एक बस्ती का जन्म हुआ जिसे ‘शाका’ कहा जाता था। इससे पहले आदिम जाति ने कभी शाका जैसा कोई वास नहीं बनाया था। इसीलिए यह शाका आदिम जाति का पहला ग्राम था और यह उस क्षेत्र की आदिम जाति का केंद्र बन गया।

यहाँ बसे लोगों ने खेती और पशु-पालन की शुरुआत की। शाका का एक और महत्व यह भी है कि यहां विश्व की पहली वेधशाला निर्मित हुई। इस शाका ने बड़े उतार-चढ़ाव देखे और आदिम जाति ने सभ्यता की नींव रखी। शाका में ऐसा क्या हुआ कि वहां जंगलों में भटकते मानव समुदाय को ठहराव मिला और उसने वासों में रहना शुरू कर दिया? क्या शाका में पशुपालन और खेती की शुरुआत हुई? उत्सव और मेलों के लिए लोग शाका में बार-बार क्यों आते थे? क्या शाका के लोग इतनी प्रगति कर चुके थे कि उन्होंने दुनिया की पहली वेधशाला बना डाली। शाका के उत्थान और पतन की कहानी में वर्तमान सभ्यता के लिए भी बहुत से सबक छिपे हैं। यह कहानी इसी शाका और उसके एक साहसी युवक नील के बारे में है।

‘जीवन चुनता है जीवन को’ वाक्य के दार्शनिक आधार पर लिखित इस उपन्यास का केन्द्रीय भाव इस रूप में प्रकट होता है कि स्थान, जाति, लिंग, धर्म, बनावट, सौन्दर्य आदि के निर्माण में हमारा कोई हाथ नहीं होता, यह नियति का विधान है और मनुष्य का जीवन भी इसी पर आधारित है। तथ्यात्मक कथानक और अपूर्व रोमांच में यथार्थ और कल्पना का सम्यक मिश्रण करते हुए लेखक ने आदिम युग में मानवीय जीवन के विविध पहलुओं को उभारते हुए नील और बाला के प्रेम-साहचर्य, शाका निवासियों के जातीय गौरव, विजातीय विवाह की तार्किकता जैसे प्रश्नों पर मौलिक ढंग से विचार किया है।

इसमें आदिमानव की जीवनचर्या, शिकार, पशुपालन, व्यापार, उपचार आदि का उल्लेख इसे समकाल की परिस्थितियों से अवगत कराता है, वहीं आधुनिक सभ्यता के समक्ष खड़े जातीय गौरव, वैमनस्य और वैज्ञानिक दृष्टि जैसे कई प्रश्नों का समाधान भी देता है। नील, बाला, अब्रा, कोको, शकवीर जैसे पात्र आज भी हमारे समाज के अंग हैं। पात्रानुकूल भाषा के साथ आडम्बरहीनता, अनावश्यक ठहराव व वैचारिक आग्रह से मुक्त, उद्देश्यनिष्ठ रचना है, जिसमें पाठक को नए कलेवर में रोमांचक यात्रा का एहसास कराती है। शीर्षक कृति की मूल संवेदना को उजागर करता है।, भूमिका से ही कथानक के रोमांच का आभास हो जाता है। इससे कृति का महत्त्व बढ़ गया है। अंतरराष्ट्रीय प्रकाशक ब्लू रोज पब्लिशर्स, इंडिया/यूके द्वारा इसे सुन्दर ढंग से प्रकाशित किया गया है और संतोष का विषय है कि कृति का मूल्य पुस्तक के आकार अनुसार है।


पुस्तक  : शाका  

लेखक   : डॉ. अब्दुल रशीद अगवान

प्रकाशक  : ब्लू रोज पब्लिशर्स, इंडिया/यूके, पृष्ठ- 292

मूल्य    : 365/-


समीक्षा:भूमण्डलीकरण से बदलता हमारा परिवेश/डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंघवी

            साहित्य-संस्कृति की त्रैमासिक ई-पत्रिका           
'अपनी माटी'
          वर्ष-2 ,अंक-15 ,जुलाई-सितम्बर,2014                       
============================================================== 

चित्रांकन:उत्तमराव क्षीरसागर,बालाघाट 
कविता को मनुष्यता की मातृभाषा माना जाता है। कविता की जब कभी आलोचना होती है, तब मनुष्य की उपेक्षा संभव नहीं है। इसी कारण कविता को लोकसापेक्ष माना गया है। इसके अभाव में कविता का कोई अस्तित्व नहीं है। बीसवीं सदी का उत्तरार्द्ध कविता के कालखण्ड में विशिष्ट स्थान रखता है। यह समय भारत में आर्थिक उदारवाद का रहा, जिसने न केवल आर्थिक ढाँचे को बल्कि हमारे सामाजिक ताने-बाने को बहुत हद तक प्रभावित किया। कवित हरीश पाठक का कविता संग्रह ‘पहले ऐसा नहीं था’ भूमंडलीकरण जनित आर्थिक परतंत्रता और बाजारवादी शक्तियों के उन परिणामों का संकेत करता है, जो मानव-जीवन को प्रभावित कर रही हैं।


यह सच है कि भूमंडलीकरण से उत्पन्न पूँजीवादी व्यवस्था का जब हमारे जीवन में प्रवेश होता है, तब बाजार का घेरा आम आदमी को अपनी फाँस में ले ही लेता है। ‘वे कह रहे हैं उजाड़कर’, ‘रेत का जहाज’, ‘पहले ऐसा नहीं था’ आदि कविताओं में कवि स्पष्ट संकेत देता है कि सब कुछ उजाड़कर हम बाजार की नुमाइश में शामिल हो रहे हैं - वे कह रहे हैं उजाड़कर। चलो वहाँ दूर चलें / वहँा कपड़ों की चीजों की खूबसूरत अजीज़ों की/ नुमाइश लगी है....। (वे कह रहे हैं उजाड़कर, पृ. 27)

पूंजीवादी व्यवस्था के प्रवेश के साथ ही हमारा जीवन यंात्रिक सभ्यता में बदल दिया गया है। इस सभ्य बाज़ार में मनुष्यों की बजाय वस्तुओं में अधिक निवेश किया गया है। इस स्थिति में हमारे पास अब क्या बचा है? ‘फिर वही जंगल’, ‘अभावस में मर गए हैं पेड़’, ‘धुएँ में’, ‘फिर वहीं जंगल’, नीम का पेड़ आदि कविताओं में कवि का दर्द उभर आया है। - सायरन बज रहा है/ नाला बन रहा है/ उठती हैं इमारतें / सड़क चल रही है / बूढ़ा खाँसता है / आँखें ढूँढ रही  हैं /नीम का पेड़/ और पक्का चबूतरा / खो गया इमारतों की भीड में। (नीम का पेड, पृ. 11)

 आर्थिक उदारीकरण के बाद आवारा पूँजी के प्रभाव में यदि हमने कुछ खोया है तो वह है - रिश्तों की बुनियाद। शहरों में चारों ओर कंक्रीट के जंगल उग गये हैं। मानवीय रिश्ते इतिहास की वस्तु बनते जा रहे हैं। बुजुर्गों से भरी शहरी कॉलोनियाँ उसकी गवाह हैं। ‘घर-सफर’, ‘माँ तुम्हें याद है ना’, ‘मैं उन्हें दुनिया दिखाना चाहता हूँ’, ‘भीतर से बाहर तक’ कविताएँ सामयिक यथार्थ की अभिव्यक्ति करती हैं। जहाँ कवि कह उठता है - बहुत कुछ कहना चाहता है वह / मगर कहे किससे / उसके आस-पास अब/ सब कुछ उजाड़ है। (पहले ऐसा नहीं था, पृ. 22) यह उजाड़ रिश्तों की हकीकत बयां करता है।

आज भागदौड़ भरी जिन्दगी में विश्राम नहीं है। मानवीय रिश्ते स्वार्थ में बदल रहे हैं, हिंसक वृत्तियाँ उभर रही हैं। कवि को लगता है कि अब तो सभ्यताओं को भी धर्म का पर्याय बनाकर प्रस्तुत किया जा रहा है, जहाँ प्रेम, भाईचारा नहीं है। आपसी द्वेष की आँच एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुँच रही है। इसीलिए कवि को अब सावन की मोहक बूँदों में काना सावन नज़र आता है, क्योंकि उसकी स्मृति में इसी दिन पिछले बरस गोलियाँ चली थी, शेष है। एक माँ का यह कथन इस पीड़ा को उजागर कर देता है - सुन / पार साल, कितने घायल हुए थे सावन में / कितनों को गोलियाँ लगी / कितनों पर पेड़ गिर पड़े / कितने धारा में बह गये। (कहाँ जाऊँ खेलने, पृ. 12) कवि यहाँ प्रश्न खड़े करता है। खासकर प्रयोगवादियों से, जिन्होंने कविता को समाज से काटकर व्यक्तिगत स्वार्थ तक सीमित कर दिया। वह पूछता है - कवि, / कितनी नावों में / कितनी बार / सफर किये तुमने। (ऐसा क्यों है कवि, पृ. 78) यह कहकर तत्काल कवियों की शाब्दिक अठखेलियों पर व्यंग्य करता हुआ उस कविता को निरूद्देश्य बताता है जो लोकधर्म की रक्षा न कर सका।



डॉ.राजेन्द्र कुमार सिंघवी

युवा समीक्षक

हिन्दी प्राध्यापक हैं।

स्पिक मैके,चित्तौड़गढ़ के

उपाध्यक्ष


मो.9828608270
सी-79,प्रताप नगर,
चित्तौड़गढ़
परन्तु, यह कवि अब नई सदी में प्रविष्ट हो रहा  है। वह समाजशास्त्री बनकर कभी नये मूल्यों को स्वीकार कर रहा है, तो कभी एक्टिविस्ट बनकर नया पथ निर्मित कर रहा है। जब तक परिवर्तन नहीं होता, वह चुप बैठना नहीं चाहता। वह कहता है अब ओर किसका इन्तजार किया जाये। क्रांति का आह्वान करता है - उठो / भूखे और पराजित लोगों / सपना उगाते लोगों उठो/ करोड़ों हाथ लहराकर उठो। (अब और किसका इंतजार, पृ. 69) इसके अतिरिक्त ‘चिड़िया ने गीत गाना शुरू ही किया था’, ‘न जाने कितनी नदियों का संगम है’, ‘पसीना एक शब्द है’ आदि कविताओं में श्रम के महत्व को उजागर किया है। साथ ही ‘कुत्ते की दुम एक किवंदन्ती है’, ‘दीवार’ आदि में सामाजिक सक्रियता का पक्ष लिया है। ‘भीतर वहाँ’ में कवि निराश नहीं है। वह जानता है कि जमीन खोदने पर पानी का झरना अवश्य फूटेगा।

कविता की भाषा भावों के अनुरूप हैं। परम्परागत प्रतीकों के माध्यम से सशक्त अभिव्यक्ति ही नहीं है, वरन् सम्बोधन शैली में व्यक्त कविताएँ बरबस आकर्षित करती हैं और कभी-कभी स्वाभाविक पीड़ा को उजागर करती विम्बात्मक शब्दावली चित्रमय दृश्य उत्पन्न कर देती है। यथा- जमीन में बाँस उगने लगे/ टंगने लगीं उन पर रोटियाँ/धँसती दुनिया ‘स्टिल लाइफ’ बन गई। (रेत का जहाज, पृ. 63) साथ ही कविताओं में विद्यमान आंतरिक लय आश्वस्त करती है कि समकालीन कविता में पूर्ण रूप से गद्यकाव्य नहीं बना है।

समग्रतः कवि ने युगानुकूल परिदृश्य को अपनी कविता में बखूबी उकेरा है। उसका समय दो सदियों की संक्रमणकालीन परिस्थितियों का साक्षी है, जिसकी पहचान उसने कर ली है। भूमंडलीकरण के फलस्वरूप बदलते परिवेश को उसने बखूबी व्यक्त किया और उसके भावी दुष्परिणामों का संकेत कर कवि-समय का निर्वाह किया है।

पहले ऐसा नहीं थाः हरीश पाठक,(कविता संग्रह), नमन प्रकाशन,नई दिल्ली-2, पृ. 84, मूल्य-100/-

आत्म-सत्य की लयात्मक अभिव्यक्ति

पुस्तक समीक्षा

आत्म-सत्य की लयात्मक अभिव्यक्ति

(सन्दर्भ : रथ के धूल भरे पाँव)

श्री मध्यभारत हिन्दी साहित्य समिति, इंदौर द्वारा प्रकाशित 'वीणा' अगस्त,२०२१ अंक में ... 

कविता मनुष्यता की मातृभाषा है, इसीलिए व्यक्ति का ‘आत्म’ जब व्यक्त होता है तो ‘मानवता’ का चित्त भी समय के सच के साथ मुखरित होता है। वर्तमान समय विस्मयकारी दृश्य के साथ ‘मनुष्य’ को आतंकित कर रहा है, जो फैंटेसी से भी आगे का यथार्थ है। इसका चेहरा रक्तस्नात और हृदयहीन है, जो मारक और अविश्वसनीय रूप में हमारे समय का सच है। नई सदी ने भूमंडलीकरण की पदचाप के साथ गंतव्य आरंभ किया। देखते-देखते मात्र दो दशकों में अर्थ-जगत की व्याधियाँ मानव-जीवन के फलक को लील गई, तब कला-जगत अपनी संवेदना को कहाँ तक बचाता?  अजित कुमार राय का काव्य-संग्रह ‘रथ के धूल भरे पाँव’ में इसी आत्म-सत्य की अभिव्यक्ति हुई है।

कवि का यह आत्म-सत्य जीवन का वह रजत-पाश है, जो मध्यमवर्गीय जीवन की करुण गाथा है। यह वर्ग अपने अतीत के मूल्यों से मुक्त नहीं होना चाहता और स्वप्नों के खंडहरों को पुननिर्मित भी नहीं कर सकता। शीर्षक ‘रथ’ अतीत का वह मोहभरा आकर्षण है, जो भारतीय वैभव का पुरूषार्थ है; जहाँ अदम्य उत्साह की गर्जना है तो ‘धूल भरे पाँव’ वर्तमान समय की मूल्यहीनता और वैचारिक भटकाव का बिम्ब है। यह बिम्ब काव्य-संग्रह की चवहत्तर कविताओं में रह-रहकर उद्दीप्त होता है। सुखद पहलू यह है कि कवि ने उन कारकों को पहचान लिया है और अपने शब्द बाणों से सांस्कृतिक संघर्ष की औपनिवेशिक मनोवृत्ति पर जमकर प्रहार किया है। 

कवि का रचना समय दो सदियों का संधिकाल है। वह उस समय का साक्षी है, जहाँ संवेदना और मूल्यों की परिधि में भारतीय समाज पल्लवित है। यह कवि का बचपन है। तरुणाई में स्नेह का विस्तार मिला, पर संस्कार ने जीवन-वृत्त का निर्धारण किया। इस बीच जीवन की गति के साथ विषाद भरा यथार्थ से साक्षात्कार और फिर उससे संघर्ष करते-करते हृदय की स्फोट ध्वनियाँ निकल पड़ी और कविता बन गई। संकलन की प्रथम कविता ‘नरमेध’ कवि का आत्म-बिम्ब है, जिसे उन्होंने ‘एक नया दलित सौन्दर्य-शास्त्र’ कहा। ‘नरमेध’ स्वयमेव भीषण आक्रोश को प्रकट कर देने वाला शब्द है, जहाँ शिक्षक को बंधुआ मजदूर बनाकर बाजारवादी शक्तियों के हाथों में फेंक दिया है। शिक्षा के निजीकरण की भयानक आत्मपीड़ा संभवतः कवि की अनुभूत अभिव्यक्ति जान पड़ती है। इसीलिए वह कहता है-

“हे संस्था के पुरोहितो!
आज राजनीति के ‘पाठ्यक्रम’ रोज बदलते हैं,
समय के ‘पंचांग’ पिघलते हैं,
सत्ता की संपूर्ण सुविधाओं पर कुंडली मार बैठे
अजगर ‘मनुष्य’ को निगलते हैं।
हम संस्था के ‘अंडे’ को मुर्गी सा सेते हैं-
किन्तु जब उसमें ‘पंख’ आते हैं
तो वह हमारी ‘पकड़’ से बहुत दूर निकल जाती है।”
(नरमेध,पृ.30) 

इस वेदना में ऐसा प्रतीत होता है कि कहीं जीवन की समग्रता में मनुष्यों के स्थान पर वस्तुओं में निवेश कर दिया। इस लम्बी कविता में ‘जूते’ की तरह शिक्षक बदलना, कंधे पर पैर रखकर चलना आदि ऐसे अनेक बिम्ब सच्चाई के निकट ले जाने में सक्षम हैं।

आत्म की अभिव्यक्ति के साथ कविता का संवेदना तत्त्व संपूर्ण जगत से जुड़ता है। सारी जटिलताओं के होते हुए भी कविता हमारी संवेदना के निकट होती है, यही राग तत्त्व है। इससे कवि की पीड़ा साधारणीकृत हो जाती है और जगत की पीड़ा उसकी वाणी बन जाती है। किसान और स्त्री वर्तमान समय के सबसे नरम शिकार बने हैं, जो बाजारवादी शक्तियों के हाथ का खिलौना बन गए हैं। उपभोग की पराकाष्ठा ने नारी को बाजार में ‘विज्ञापन’ के रूप में खड़ा कर दिया है-

स्त्रियों के ग्लैमरस चित्र?
क्या स्त्री चित्रों के फ्रेम से बाहर आना चाहेगी,
क्षण-प्रतिक्षण बदलती जीवन्त-मुद्राओं
एवं नई भंगिमाओं के साथ?
चन्द्रमा दूर से ही अच्छा लगता है।
नारी-सौन्दर्य को ‘नजर’ लग गई है,
विज्ञापन बाजार की।
(स्त्री-विमर्श, पृ.54)

यही स्वर किसान का प्रतिवेदन, दासता, बाजार-भाव, होम लोन, दूसरा विस्थापन आदि कविताओं में हैं, जहाँ कवि ने आने वाले समय के भीषण यथार्थ को पहचान लिया है और सावचेत करते हुए लिखा-
वस्त्र बदलती स्त्री एक दिन खुद
वस्त्र की तरह बदल दी जाएगी।
(बाजार-भाव, पृ.72)

नई सदी की सर्वाधिक ज्वलंत चुनौती वैश्वीकरण है, जिसमें सांस्कृतिक मूल्यों का विलोपन अधिक है। विकृत उपभोक्तावादी दृष्टि का प्रसार है। इसका सर्वाधिक प्रभाव चेतनावान संवेदनशील कला जगत पर पड़ता है। अपने मूल तत्त्व से वह विमुख नहीं हो सकता, अतः विद्रोही स्वर में प्रतिरोध करता है। बहुलतावादी भारतीय समाज में सांस्कृतिक मूल्यहीनता को वह स्वीकार नहीं कर सकता, वह कह उठता है-

आम्रवन की नीलिमा क्या हो गई?
मंजरी की गंध मल्टीफ्लेक्स में क्यों खो गई?
वृश्चिकों के बिस्तरे पर जाग करके भोर में,
जिसे बाबा ने सँजोया था समय के शोर में।
वृत्त बदला बिन्दु में, मन व्यास मेरा हो गया है।
आँवले की छाँव में भोजन कसैला हो गया है।।
(संस्कृति के सीमांत, पृ.86)

अतिक्रमण, पृथ्वी की कक्षा के बाहर, बढ़ने दो अक्षरों का आकार, अस्तित्व की प्रज्ञा आदि कविताएँ हमारे मन पर औपनिवेशिक प्रभाव को व्यक्त करती हैं, जो हमें मानसिक दासता से मुक्त नहीं होने का संकेत देती है। गांधी आज हमारी चेतना में नहीं है, पश्चिमी चकाचैंध में हम अपना सर्वस्व लुटा चुके हैं। हम स्मृति और इतिहास की संधि-रेखा पर हैं। कवि जड़ों की ओर लौटने का आह्वान करते हैं-

स्मृति और इतिहास की संधि-रेखा पर
पड़ी गांधी की लाश कौन उठाए?
‘राजघाट’ पर बार-बार दफनाई जाती हैं
गांधी की लाश।
कब होगा हमारे भीतर
उनका पुनर्जन्म?
(अस्तित्व की प्रज्ञा, पृ.57)

काव्य-संग्रह में उन सभी अवांछित विद्रुपताओं का उल्लेख हुआ है, जो नई सदी की वास्तविकता है। भारतीय-सांस्कृतिक मूल्यों का स्खलन, भाषा, विचार, जीवन-शैली में बदलाव के परिणामों को भी कवि ने पहचाना है। वह केवल आक्रोश व्यक्त कर चुप नहीं रहता, बल्कि व्यवस्था-परिवर्तन के लिए मुखर भी हो उठता है और कहता है-

कृष्ण केवल ‘बाँसुरी’ नहीं बजाता
वह ‘चक्र’ उठाना भी जानता है।
(नरमेध, पृ.26)

महाराणा सुनो, सेतुबंध, कालांकित कविता में कवि की सकारात्मक दृष्टि है तो कई स्थलों पर  स्पष्टवादिता से कवि ने अपने समय के यथार्थ को स्वर दिए हैं। विश्व शांति का मिथक, नोटबंदी पर गुलाबी नोट, तीन तलाक को तलाक, जे.एन.यू. में खड़े होकर, सर्जिकल स्ट्राइक-1, सर्जिकल स्ट्राइक-2 राष्ट्रवाद के मंच पर राष्ट्रपति, अभयारण्य बकरों के लिए आदि कविताओं में कवि के विचार बिना किसी आग्रह के प्रकट हुए हैं। निर्भीकता और ईमानदारी से अपनी बात कहने का साहस यहाँ दिखाई देता है। जिन विषयों पर समकालीन कवि मौन हैं, वहाँ उनकी लेखनी चली है। युग-धर्म को निर्वाह की दृष्टि से यह उत्तम है। सामयिक घटनाओं पर कवि का राष्ट्रनायकों को सम्बोधन ‘युगचारण’ की भूमिका में दिखाई देता है।

ओ धूमिल!
धूमिल नहीं हुआ है संसद का रक्त-चरित्र।
देवदूतों की भाषा है अब भी पवित्र।
मुकुट की रोटियाँ 
रोटियों की मुकुट के लहू से गुंथी है।।
(दूसरा विस्थापन, पृ.192)

कविता में बिम्ब और लय की उपस्थिति आवश्यक है। मुक्त छंद का आशय ‘आन्तरिक लय’ की भी समाप्ति कर देना नहीं है, अन्यथा कविता का मूल ‘संगीत-तत्त्व’ ही नष्ट हो जाएगा। कवि ने सभी कविताओं में लयात्मक स्वर और बिम्ब विधान पूर्ण उत्कर्ष के साथ आए हैं। संगीतमय स्वर-साधना के साथ शब्दों का संयोजन और लयात्मक अभिव्यक्ति का लालित्य दर्शनीय है-

शीशे की रंगीन गोलियों का वह टूटा प्रिज्म कहाँ ? 
लट्टू नहीं, नाचती धरती का वह ग्लोबल रिद्म कहाँ !
खलिहानों के गंध - पिरामिड टूट गया।
+++
पेड़ों पर वह ओल्हा पाती, शाख आज भी काँप रही है ।
मर - मर कर जीने का दर्शन कहाँ कबड्डी भाँप रही है ?
आज कैरियर सपने सारे लूट गया।
(छन्दांतर47)
           
कवि ने कविता को ‘असाध्यवीणा’ माना है, वह स्वयं प्रियंवद केशकाम्बली की तरह सर्जना के किरीटी-तरु को समर्पित है, अतः शब्द-स्वर की वीणा बोल उठी है। पाठक अपनी-अपनी दृष्टि से उसे तौल रहा है। अपने आत्मसत्य की लयात्मक अभिव्यक्ति देते हुए कवि को किसी वाद की परिधि में नहीं है। वैचारिक संतुलन के साथ दासता का प्रतिनिधि नहीं होना अच्छा संकेत है, इससे चाहे वह किसी धारा में न बहे, स्वतंत्र दीप की भांति टिमटिमाता अवश्य रहेगा और अंधकार की चीरने में सफल भी होगा।

पुस्तक का कलेवर प्रसिद्ध कवि विजेन्द्र ने तैयार किया है, भूमिका वरिष्ठ कवि ज्ञानेन्द्रपति ने लिखी है। इससे कृति का महत्त्व बढ़ गया है। बोधि प्रकाशन ने इसे सुन्दर ढंग से मुद्रित किया है और संतोष का विषय है कि कृति का मूल्य पुस्तक के आकार अनुसार है।पुस्तक की समस्त कविताएँ पाठकों को बहा जाने में सक्षम है।

पुस्तक : रथ के धूल भरे पाँव
लेखक : अजित कुमार राय
आवरण : विजेंद्र
प्रकाशक : बोधि प्रकाशन, जयपुर, पृ.192, मूल्य-250/-



=========

जगद्गुरु शंकराचार्य उपन्यास का शैलीगत वैशिष्ट्य

जगद्गुरु शंकराचार्य उपन्यास का शैलीगत वैशिष्ट्य 

राजस्थान साहित्य अकादमी, उदयपुर द्वारा प्रकाशित 'मधुमती'पत्रिका के सितंबर,2017 के अंक में ...

.
                        एक चिन्तक सामान्य मनुष्य की अपेक्षा अधिक भावुक और संवेदनशील होता है। वह अपने अनुभव को अपने तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि दूसरों तक अपने भावों को पहुँचाकर प्रभावित करने की क्षमता रखता है। इस तरह उसके विचार सर्वव्यापी हो जाते हैं। जितनी अनुभूति की भाव-प्रवणता होगी, अभिव्यक्ति पक्ष उतना ही प्रखर होगा। वस्तुतः अभिव्यक्ति पक्ष की सबलता सत्य की अभिव्यंजना पर आधारित होती है, जो अन्तर्जगत को प्रकट करती है। इसका माध्यम है-शैली। 

                    शैली मूलतः लातानी शब्द ‘स्तिलुस’ से बना है, जिसका अर्थ है- कलम। उसी से अर्थ का विस्तार हुआ है- कलम की प्रयोग विधि, लेखन की विधि, अभिव्यक्ति का तरीका आदि। इसके अंतर्गत लेखक के व्यक्तित्व की प्रधानता के साथ वर्णन की प्रविधियाँ, भाषिक सौन्दर्य, शिल्पगत सजीवता एवं अभिव्यक्तिपरक मौलिकता का सन्निवेश रहता है। दीनदयाल उपाध्याय रचित उपन्यास ‘‘जगद्गुरु श्रीशंकराचार्य’’ इस दृष्टि से विशिष्ट कृति है। तरुणों के मन को भारतीय गौरव एवं आदर्श जीवन-चरित से परिचित करवाने का अभीष्ट इस उपन्यास का रहा है, किंतु लेखकीय कौशल से मुग्धकारी वर्णन ने उपन्यास को कलात्मक रूप प्रदान कर दिया है। 


                  ‘जगद्गुरु श्री शंकराचार्य’ उपन्यास कुल अठारह अध्यायों में विभक्त है, जिसमें शंकराचार्य की बाल्यावस्था, ध्येय, पथ, शिक्षा, दीक्षा, दिग्विजय यात्रा, राष्ट्रीयता का प्रसार तथा ध्येय सिद्धि तक की विविध घटनाओं का मर्मस्पर्शी वर्णन है। घटनाओं के वर्णन में जिन शैलियों का प्रयोग हुआ है, उनमें प्रमुख हैं- सरस काव्यात्मक शैली, अलंकृत बौद्धिक शैली, सम्बोधन शैली, वार्तालाप शैली, उपदेशात्मक शैली, प्रतीकात्मक शैली इत्यादि। उपन्यास की वर्णन शैली में भाषिक सौन्दर्य, लाक्षणिक शब्दावली और बिम्बात्मक चित्रण का महत्वपूर्ण योग है। इस दृष्टि से शैलीगत वैशिष्ट्य का विवेचन प्रासंगिक है। 


                बाह्य रूपात्मक शैलियों में वर्णन और विश्लेषण को अधिक महत्व दिया जाता है। इसके अंतर्गत सरस काव्यात्मक विषय एवं प्रवाह के अनुरूप दोनों का प्रयोग हुआ है। आचार्य शंकर ने जब तक्षशिला से कश्मीर प्रस्थान किया, तब कश्मीर की प्रकृति का मानवीकृत रूप शंकर के मार्ग में जिस तरह उपस्थित होकर भाव-विभोर करता है, वह ‘सरस काव्यात्मक शैली’ का उदाहरण द्रष्टव्य है- ‘‘आचार्य शंकर शारदा का ध्यान किए हुए मंदिर की ओर बढते जाते थे। प्रकृति नटी ने साज-श्ाृंगार करके उनको विमोहित करना चाहाः प्रस्फुटित पुरुषों ने हँसकर उनका स्वागत किया और दो बातें करनी चाही, कलियों ने चटककर धीरे से कान में अपना पे*मभरा राग सुनाया और कर स्पर्श की लालसा प्रकट की, अप्सराएँ सरोवरों में अपना स्वरूप देखने के बहाने उतर आईं, गंधर्व पक्षियों के स्वरों में गाने लगे, किंतु कोई भी आचार्य शंकर को रोक नहीं पाया।’’।१ 


               नर्मदा के भीषण प्रकोप से त्रस्त मानवता की सेवा के लिए आचार्य शंकर का मनोभाव ‘दीन’ में सर्वात्मा की तलाश कर रहा था। यह वर्णन लेखक ने ‘काव्यात्मक शैली’ में किया- ‘‘आर्त की पुकार में जिसको भगवान की वाणी नहीं सुनाई देती; उसके कान भगवान के शांत स्वर को नहीं सुन सकते, वह सर्वात्मा का क्या दर्शन कर सकेगा? मैं ढूँढता तुझे था आकाश और वन में/तू खोजता मुझे था किसी दीन के वतन में’’।२ इस तरह वर्णन में काव्यात्मक गरिमा का पुट दिखाई देता है। 


                उपन्यासकार प्रखर दार्शनिक चिंतक रहे हैं और उपन्यास भी शंकराचार्य के जीवन-चरित पर आधारित है। अतः दार्शनिक विचारों का वर्णन स्वाभाविक ही है। उपन्यास के अधिकांश स्थलों पर इन विचारों की प्रस्तुति के लिए लेखक ने ‘अलंकृत बौद्धिक शैली’ का प्रयोग किया है। इस तरह के वर्णन में दार्शनिक गूढता को भाषायी-प्रगाढता और अलंकृत शब्दावली से चमत्कार उत्पन्न कर दिया जाता है। ‘अद्वैत’ दृष्टि को व्यक्त करती उक्त पंक्तियाँ अवलोकनीय हैं- ‘‘संसार के समान गंगा का जल सामने से भागता जा रहा था, प्रतिक्षण परिवर्तनशील किंतु अभिन्न, कितना अनित्य किंतु शांत! अनेक जलकणों का समूह सामने आता है, क्षण भर खेलता है, जिनका पहले जलकणों से भिन्न अस्तित्व है, किंतु जीवन में समानता है..... यही है भेद में अभेद, भिन्नता में अभिन्नता अनेकत्व में एकत्व....।’’३ 


                    मंडन मिश्र और शंकराचार्य के मध्य शास्त्रार्थ का दृश्य वर्णन, मध्यस्थ में मंडन मिश्र की पत्नी भारती का आसन; अलंकृत शैली में उपन्यासकार लिखते हैं- ‘‘एक ओर तो भगवान शंकर की जटाओं से स्रवित गंगा की भाँति शंकराचार्य के मुख से शुद्ध ज्ञान-मार्ग की धवल गंगा-धारा का प्रवाह था तो दूसरी ओर तमाम तरु-पुंज तमाच्छन्न तरणि-तनुजा के समान प्राची के सूर्य, यज्ञयागादि के पुरस्कर्ता, प्रकांड पंडित तथा प्रचंड कर्मकांडी मंडन मिश्र की धूमिल वाणी की नील यमुना-धारा प्रवाहित होती थी। इन दोनों के बीच में सरस्वती का अवतार भारती तो उपस्थित थी ही।’’४ आनुप्रासिक तत्सम शब्दावली एवं तीर्थराज प्रयाग का बिम्ब उपस्थित करने का सार्थक प्रयास यहाँ हुआ है। 

                  अन्तःरूपात्मक शैली में रचनाकार अपने आन्तरिक ह्रदय की भाषा में चिन्तन को अभिव्यक्त करता है। इस हेतु वह सम्बोधन, वार्तालाप, तर्क, आत्मकथ्य, उपदेश, व्यंग्य शैलियों का प्रयोग करता है। इस उपन्यास में इन शैलीयों का यत्र-तत्र प्रयोग हुआ है। 

               सम्बोधन शैली में नायक अथवा पात्र श्रोता को सम्बोधित करके अपने विचार प्रकट करता है, यह परस्पर तादात्म्य की दृष्टि से उपयुक्त शैली है। दिग्विजय यात्रा के समय शंकराचार्य ने एकत्र समुदाय को संबोधित किया- ‘‘बंधुवर्ग! आज हममें से प्रत्येक अपने तत्व सिद्धांतों का सर्वत्र प्रसार करने को उत्सुक है। पिछले १००० वर्षो में अपने धर्म की स्थिति विचित्र हो गई है। उसकी जडों को अनेक प्रकार से खोखली करने का प्रत्यन किया गया है और उसने अपनी संपूर्ण शक्ति लगाकर अपने ऊपर के आघातों का रोका है।’’५ इसी प्रकार जब उदंक ने कुमारिल भट्ट के बारे में पूछा तो शंकराचार्य ने इसी शैली में कहा-‘‘अरे कुमारिल को नहीं जानते, उदंक?.....हम लोगों के मार्ग से जिस महापुरुष ने समस्त बाधाओं का दूर किया, हम उसको न जानें, यह हमारा दुर्भाग्य ही है उंदक!’’६ 

                 कथा को गति प्रदान करने के लिए लेखक वार्तालाप शैली का प्रयोग करता है। इसमें रचनाकार दो पात्रों के मध्य हुए संवाद को प्रस्तुत करता है। शंकर और माता आर्यंबा के बीच वार्तालाप का दृश्य अवलोकनीय है-‘‘ये विद्वत्ता की बातें मैं क्या जानूँ शंकर! पर बता मेरा संस्कार कौन करेगा? सब पितरों को पानी कौन देगा?’’......‘‘मैं करुँगा संस्कार माँ, मैं करुँगा और मैं दूँगा अपने पितरों को पानी।’’ ‘‘और तेरे बाद?’’ ‘‘मेरे बाद सब हिन्दू समाज है, वह तेरा नाम लगा, तेरा गुण गाएगा, यही है असली श्राद्ध।’’७ 

                बौद्ध भिक्षुओं और शंकराचार्य के मध्य संवाद का यह दृश्य भी गतिशील है- ‘‘क्या कहा, हम बौद्ध नहीं, हिन्दू हैं।’’ एकाएक कुछ भिक्षु बोल उठे। ‘‘हाँ, आप हिन्दू हैं और बौद्ध भी, आप हिन्दू हैं और वैष्णव भी, आप हिन्दू हैं और बौद्ध भी, आप सब कुछ हैं।’’ शंकर स्वामी ने कहा।८ 

                तर्क शैली में भी संवाद का आश्रय होता है, परन्तु इसमें वक्ता अपने मंतव्य को ठोस तर्कों के आधार पर प्रस्तुत करता है। प्रस्तुत उपन्यास में मंडन मिश्र की पत्नी भारती अपने स्त्रीत्व का अभिमान प्रकट करती हुई तर्क पूर्ण प्रश्न करती है- ‘‘स्त्री हूँ तो क्या हुआ आचार्य? स्त्री के क्या विचार नहीं होते? उसके मन में शंका-कुशंकाओं की आँधी नहीं उठ सकती?’’९ एक अन्य दृश्य में चांडाल का शंकराचार्य से प्रतिप्रश्न दृष्टव्य है- ‘‘सर्वात्मैक्य तथा अंद्वैत की बातें करना तथा व्यवहार में भेदभाव दिखलाना यह कौनसी रीति है, आचार्य? यह आडम्बर कैसा? क्या मैं समझूँ कि आपका संन्यास, दंड और कमंडलु सब ढोंग है। और फिर आप किसको दूर हटने को कह रहे है’’ शरीर को? वह तो नश्वर है। मेरे और आफ शरीर में क्या अंतर है?’’१० 

                 आत्मकथात्मक शैली में किसी घटनाक्रम से प्रेरित होकर स्वंय के आत्मचिंतन को व्यक्त किया जाता है। मगध में मंडन मिश्र के घर का पता जब दासी के संस्कृत-श्लोक से प्राप्त होता है तो आचार्य शंकर चिंतन करते हैं-‘‘जिसके द्वार के पंजरस्थ तोता और मैना इस प्रकार संस्कृत में चर्चा करते हों, वहाँ अवश्य ही दिन भर तत्त्व चर्चा ही रहती होगी, जिसके कारण पक्षी भी उन शब्दों तथा वाक्य समूहों का वैसा ही उच्चारण करने लग गए- कितना उद्भट विद्वान हैं, मंडन मिश्र!’’११ आत्मकथ्य के समान ही अन्तर्द्वन्द्व शैली में विचार प्रकट होते हैं, परन्तु यहाँ मन में उठने वाले परस्पर विरोधी भावों के उद्वेलन को प्रस्तुत किया जाता है, ऐसी स्थिति में पात्र स्वयं उलझन में रहता है। जब शंकराचार्य गुरु से आज्ञा लेकर यात्रा की तैयारी कर रहे थे, तब उनके भावों का उद्वेलन इस प्रकार वर्णित हुआ-‘‘अनिष्ट की आशंका से ह्रदय धडकने लगा।...अगि* शर्मा के आने का और कोई कारण नहीं हो सकता। कालटी के अनेक चित्र एक-एक करके उनकी आँखों के सामने से निकल गए।’’१२ 

               प्रतिपक्ष पर व्यंग्य से प्रहार कर अपने पक्ष को प्रबल करने हेतु व्यंग्यात्मक शैली का प्रयोग किया जाता है। इसके माध्यम से विसंगतियों पर प्रहार होता है। भारती और शंकराचार्य के मध्य संवाद के समय स्त्री के साथ शास्त्रार्थ विषय पर भारती ने शंकराचार्य से व्यंग्यात्मक स्वर में कहा- ‘‘आप प्रचलित पद्धति की दुहाई दें, यह तो बडे आश्चर्य की बात है, आचार्य!.... और आचार्य, स्त्रियों के साथ क्या शास्त्रार्थ नहीं हुए हैं? गार्गी और याज्ञवल्क्य का संवाद आपको ज्ञात नहीं है? गार्गी क्या पुरुष थी?’’१३ 

             इस प्रकार उपन्यासकार ने विविध वर्णन शैलियों के माध्यम से उपन्यास को रोचक, कमनीय और प्रवाहपूर्ण बना दिया है। प्रसंगानुसार शैली प्रयोग से दृश्य वर्णन बिम्बमय हो गया है, जिससे पाठक एकाग्रचित्त होकर द्रवीभूत हो जाता है। इसे प्रभावी रूप देने के लिए उन्होंने परिवेश अनुकूल दृश्य विधान, पात्र-योजना एवं भासिक पक्ष का तदनुसार निर्वाह किया, जिससे उपन्यास का कलेवर बहुआयामी हो गया। शैलीगत वैशिष्ट्य की दृष्टि से उक्त उपन्यास मनोहरता, कलाप्रियता और महान् गरिमा का विधान करता प्रतीत 
होता है।

2010 © Rajasthan Sahitya Academy all rights reserved.
Powered by : Avid Web Solutions

लोकधर्म और कविता का लोकतंत्र

“ लोकधर्म और कविता का लोकतंत्र ”
(संदर्भ-बेघर का बना देश)
                                                     
मनुष्यता की मातृभाषा के रूप में कविता की प्रतिस्थापना ने लोकधर्म को सदैव केन्द्र में रखा है । यह धर्म कविता व मनुष्य के समानान्तर अनादिकाल से आज तक विद्यमान रहा है। इसीलिए जब कभी मनुष्य के स्वाधीन होने का प्रश्न उठा, कविता ने उसे रास्ता दिखाया । मनुष्य ने अपने जीवन में स्वातंत्र्य के मूल अर्थात् लोकतंत्र को पहचाना या नहीं, किंतु कविता की बहुआयामी दृष्टि ने जीवन की वास्तविकता को सदैव प्रस्तुत किया । इसी कारण कविता की आलोचना मनुष्यता के घेरे में ही संभव है । वस्तुतः कविता का कोई देश नहीं होता, वह तो सार्वभौमिक होती है, उसमें मनुष्य की संवेदना अभिव्यक्त होती है । यह संवेदना दूसरे भू-भाग के निवासी को भी समान रूप से प्रभावित करती है । कविता का यह लोकधर्म ही उसकी लोकतंत्रात्मक व्यवस्था का आधार तय करता है । 

बीसवीं सदी के उत्तरार्द्ध और इक्कीसवीं सदी के प्रथम दशक में कविता का स्वर अपने इतिहास से कुछ अधिक मुखर है । कविता की अन्तर्वस्तु में तीव्रगामी बदलाव आया है । कवि के समक्ष जब इस कालखण्ड में विस्मयकारी यथार्थ उपस्थित हुए, तो कविता का स्वर भी लोक की पीड़ा को सामने रखने हेतु आतुर हो गया, यद्यपि व्यवस्था उसके पक्ष में नहीं थी । समकालीन कविता के यथार्थ के बारे में डॉ. परमानंद श्रीवास्तव लिखते हैं,“प्रासंगिकता और सृजनशीलता, प्रतिबद्धता और अजनबीपन, जादुई और क्रांतिकारी, यथार्थ और अयथार्थ, तात्कालिक और मिथकीय, सपाट और काव्यात्मकता के तनाव में आज की कविता हमारे समय का मार्मिक साक्ष्य बन चुकी है । उसके अनुभव संसार और स्थापत्य का सामना हमें आज की जटिल स्थितियों के प्रति जागरूक बना सकता है ।” (समकालीन कविताः नये प्रस्थान, पृ.7) 

भूमंडलीकरण के दौर में पूँजीवादी सभ्यता का जादू जब आम आदमी के सिर पर चढ़कर बोल रहा हो, उसकी मस्तिष्क की खिड़कियाँ बंद हो गई हों, बाजार की चमक में उसकी आँखें विमुग्ध हों; ऐसे समय में लोकधर्म के गुरूत्तर दायित्व को वहन करने हेतु कविता का यथार्थ भी स्पष्ट होना आवश्यक है । स्वप्निल श्रीवास्तव के अनुसार, “खासकर यदि हम यथार्थ की बाद करें, तो आज का यथार्थ मारक और अविश्वसनीय हैं । वह फैंटेसी के आगे का यथार्थ है । आज के यथार्थ का चेहरा रक्त-रंजित और अमानवीय है । यथार्थ हमारे सामने विस्मयकारी दृश्य प्रस्तुत करता है, जो कल्पनातीत है ।” (आलोचना, अप्रेल-जून 2003, पृ.32)

लोकधर्म  को चुनौती देने वाले, विस्मयकारी यथार्थ के रूप में जो कारक वर्तमान समय में उपस्थित हुए हैं, उनमें प्रमुख हैं- मुक्त बाजारवाद, विकृत उपभोक्तावाद, राजनीतिक अधिनायकवाद, पूँजीवादी प्रभुता, भ्रष्ट आचरण, श्रम का अपमान, मूल्यों का विघटन, हिंसक वृत्तियों का उभार, जातीय-धार्मिक उन्माद आदि । यद्यपि ये कारक वैश्विक हैं, किंतु उनकी फाँस में आम भारतीय बुरी तरह आ गया है । दूसरी ओर साहित्यिक जगत् वैचारिक अतिवाद से ग्रस्त होकर लोक को पीड़ित करने वाले इन तत्त्वों का सामना करने के बजाय वामपंथी-दक्षिणपंथी खेमे में उलझकर भटकाव की ओर बढ़ रहा है । उपस्थित चुनौतियों का सामना करते हुए आने वाले समय का मार्ग तय करने हेतु कविता का स्वर निराला, त्रिलोचन, केदारनाथ अग्रवाल की भाँति स्पष्ट अभिव्यक्ति का हो, यह आवश्यक है ।

विकट-समय में कविता-जगत् के बड़े हस्ताक्षर कविवर विजेंद्र हमारे समय के अग्रगामी कवि हैं । उनकी उपस्थिति कवि-पीढ़ियों के बौद्धिक रक्त-संचार को चेतनावान बनाने में सक्षम है । ‘त्रास’, ‘जनशक्ति’, ‘कठफूला बाँस’, ‘चैत की लाल टहनी’ जैसी कृतियों से चर्चित विजेंद्रजी द्वारा रचित इस दशक की महत्त्वपूर्ण काव्य-कृतियाँ हैं- ‘घना के पाँखी’, ‘तुम्हारा पहले खिलना’, ‘वसन्त के पार’, ‘कवि ने कहा’, ‘भीगे डैनों वाला गरूण’, ‘बनते-मिटते पाँव रेत में’, ‘मैंने देखा पृथ्वी को रोते हुए’, ‘बेघर का बना देश’ आदि । इसके अतिरिक्त काव्य-नाटक, सौंदर्यशास्त्र और समकालीन समीक्षा पर प्रकाशित आलेख कविता के युगधर्म को स्पष्ट करने में सहायक रहे । 

कविवर विजेंद्र के काव्य पर कालिदास से लेकर वाल्ट व्हिटमेन का प्रभाव दिखाई देता है तो त्रिलोचन का लोकानुराग और मुक्तिबोध की परम्परा का निर्वहन भी है । ज्ञानेंद्रपति लिखते हैं- “विजेंद्र के कवि की बनावट  में परम्परा और समकालीनता के बोध की युगपत् उपस्थिति को पहचानना जरूरी है । एक ओर तो उसकी जड़ें हमारे क्लैसिक्स में है, साथ ही लोक-संस्कृति में; दूसरी ओर उनकी दृष्टि द्वंद्वात्मक भौतिकवाद के विज्ञान से माँजी गई है । जन-हितैषणा उसकी कवि-मुद्रा नहीं, आत्मिक चिंता है ।” (कृति ओर, अंक 68-70, पृ.77) स्वयं विजेंद्र को ‘लोक का जाप’ करना प्रिय रहा है । उनका कथन है- “पिछले दिनों हमारे कुछ साहित्यिक मित्रों ने हमको ‘लोक का जाप’ करने वाला कहकर जो गौरव प्रदान किया है, उसके लिए हम बड़ी विनम्रता से उनके आभारी है । भले ही बहुत देर से कहा । पर दुरूस्त कहा । कैसा सुखद संयोग है कि कुछ दिनों पहले संसद से गाँव की पगडंडियों तक जनता लोक तथा जन का ही जाप करती रही । हमें लगा अब ये दोनों शब्द एक भौतिक शक्ति का रूप ले रहे हैं ।” (कृति और, अंक 62, पूर्व कथन, पृ.19)

अपनी लम्बी काव्य-यात्रा में कविवर विजेंद्र का सद्य-प्रकाशित काव्य-संकलन ‘बेघर का बना देश’ समय के सच का सामना करता हुआ दिखाई देता है । संकलित कविताओं में एक ओर दुखार्तानां, श्रमार्तानां तथा लोकार्तानां श्रेणी के लिए संघर्ष का लोकधर्म है, तो दूसरी ओर समय के साथ उपस्थित विध्वंसकारी शक्तियों का सामना करते हुए कविता के क्षेत्र में लोकतंत्र की प्रतिस्थापना का आग्रह दृष्टिगोचर होता है । कविताओं में नये सौंदर्यशास्त्र के साथ भाषा का नया मुहावरा खोजा गया है, जो अधुनातन है । कविता से विलुप्त होती लय को पुनः केन्द्र में लाने का अभिनव प्रयास इस कविता-संग्रह को विशिष्ट बनाता है । इन कविताओं में परिवेश की खूबियों को भावी संकेत के साथ उकेरा गया है, जहाँ उनके चित्रकार का व्यक्तित्व उभर कर आता है । यह कविता-संग्रह विवेचनीय है । 

विक्षुब्ध लोक के जीवन में बदलाव लाने हेतु कवि ने ‘लोक का जाप’ किया है । कवि का निष्कर्ष यह है कि प्रगतिशील लोकतांत्रिक भारत में श्रम का अभी तक सम्मान नहीं हुआ है। सामंती व्यवस्था भले ही न रही हों, लेकिन मनोवृत्ति में कुछ खास बदलाव नहीं आया है । ‘अँधेरे की दस्तकें’ में कवि ने श्रम का प्रतिष्ठा प्रदान करते हुए फसलों भरी पगडंडियों से गुजरने को तीर्थयात्रा बताया है । वहीं ‘विरल क्षणों का गाान’ में कवि पसीने की हर बूंद का हिसाब माँग रहा है-

देखा है मैंने/झौंपड़ियाँ उजड़ते/फिर राख के
ढेरों पर उठी भव्य इमारतें/तुम्हें देना होगा हिसाब
पसीने की हर बूँद का/लूट-खसोट की इस आँच में/
झुलसा है गरीब ही ।     (पृ.110)

‘तलछट’ कविता में पुलिस के डंडे खाते निर्दोष किसानों को कनपटी से बहते खून को पौंछते देखता है जो अपनी जमीन का हक माँग रहे हैं । दूसरी ओर बहुमूल्य खनिज सम्पदा के लुटेरों को ‘पसीना’ में अनअघाये दस्यू कहकर पसीना को आत्मा का सत बताया है । समाज की कुत्सित मनोवृत्ति को उजागर करते हुए कवि ने निरन्तर दमन के बाद भयानक परिणामों की ओर संकेत किया है । श्रमनिष्ठ समाज का शोषण एक दिन प्रतिशोध लेने को विवश कर देता है, जिसे समय पर पहचानना जरूरी है । यदि सामंती मनोवृत्ति में परिवर्तन नहीं आता है, तो कवि स्पष्ट रूप से कह देता है-

पृथ्वी के गर्भ में लावा/उबाल खाता मैग्या/फूट कर 
जब निकलेगा एक दिन/नहीं रोक पायेंगे सैलाब
आदिवासियों का/उफनता ज्वार/पछाड़ें खाता सागर/
वे होने को हैं तत्पर/धनुष-बाण उठाने को/
आने लगी हैं ध्वनियाँ/वृक्ष वन घासों से/मरेंगे,
मारेंगे/ जमीन नहीं छोड़ेंगे ।
(सामंत अभी जीवित है, पृ.100)

समाजशास्त्रीय विश्लेषण में जिन वंचित वर्गों की समस्याओं को उठाया गया, उनमें किसान को अभी तक न्याय नहीं मिला । कवि की दृष्टि में कविता में ‘धरती जोतने वालों से संवाद’ नहीं हो रहा है । लड़ना ही उनकी नियति बन चुकी है । कवि ने किसान की अन्तर्व्यथा को, उसकी गरीबी को, उसके खुश्क चेहरे को देखने का तथा उसकी पीड़ा को व्यक्त करने का कार्य ‘मेरे चुप रहने की परीक्षा’, ‘अपराध गरीबी का’, ‘धरती जोतने वालों से संवाद’, ‘देखता हूँ खुश्क चेहरा’ आदि कविताओं में किया है । कवि की दृष्टि है कि भूमि को उर्वर बनाये रखने का अदम्य कार्य करता हुआ किसान भूखा है, आत्महत्या करता है । श्रम से प्रेम करने वाला अभावग्रस्त है । उसकी पसीनों की बूंदों की चमक के साथ किसानों की व्यथा को स्वर देते हुए कवि कहता है-

अंकुरित बीज में/चमकता किसान का पसीना/गहरे
आघातों के दुख में/तपा हृदय का शांत विक्षोभ/
मल मूत्र में जन्म लेते शिशु का रूदन/हत्यारों के 
काँपते हाथ/गरीबी में नहीं देता कोई भी साथ ।
(देखता हूँ खुश्क चेहरा, पृ.83)

समाजवाद की कल्पना और उसके आने की आशा अब स्वप्न प्रतीत होने लगी है । समय की गति के साथ शैतानी पूँजीवादी समाज यांत्रिक-सभ्यता के साथ उपस्थित हुआ है, जिसमें लोक के श्रमनिष्ठ प्रहरी श्रमिक, किसान, दलित, आदिवासी वर्ग सर्वाधिक प्रभावित हुए हैं। ‘बे-घरों के घर’ कविता में कवि का ध्यान रामचरण पर जता है जो बापू के जन्मदिन पर राजभवन पथ पर पतला चिथड़ा बिछाकर दिनभर की थकान के बाद सोने की तैयारी कर रहा है । कवि का ‘रामचरण’ भगवत रावत की ‘बैलगाड़ी’ में बैठा हुआ मनुष्य है, जो महानगरीय भीड़ में सभ्यता का आखिरी इंसान प्रतीत होता है । 

पूँजीवादी यांत्रिक सभ्यता ने पूरी दुनिया को ‘शापिंग काम्पलेक्स’ में बदल दिया है । कुमार अंबुज ने जिसे मनुष्यों की बजाय वस्तुओं में बहुत अधिक निवेश माना है । (वागर्थ, जनवरी, 2005) यह सत्ता निर्मम होती है, जहाँ आम आदमी को हर बार बेघर होना पड़ता है- 

गहन दुख में भी/सत्ता का वर्चस्व निर्मम/
सालता हरदम/गड्ढों से भरा गँदला जल/
रम्मन, खुदा बख्श, अलीहसन/जो हुए हैं
बेघर हर बार ।
(दिखाओ मुझे कविता, पृ.81)

पूँजी के प्रभाव का चित्र कवि ने ‘रहने दो अंधेरे’ में खींचते हुए लिखा-

क्या करूँ/इन गगन चुंबी कोठियों का/ आ रही
गंध पकवान की/पसलियाँ दिखती कमेरे इंसान की/
टोटा पड़ा रोटियों का/बेलबूटे, पच्चीकारी, शब्दकारी,
शिल्पकारी में/दिखती नहीं धरती की गहन पीड़ा ।
(पृ.70)

वैश्विक स्तर पर आर्थिक उदारीकरण आधारित नई विश्व-व्यवस्था, उच्च तकनीक, जनसंचार का प्रसार, विश्व ग्राम के जन्नत की हकीकत को पूरी दुनिया देख रही है । कभी-कभी यह महसूस होता है कि यह साम्राज्यवादी शक्तियों का नव-उपनिवेशवादी संस्करण तो नहीं है । ‘शांतिदूत’ में कवि उनकी मनोवृत्ति को समझ जाता है जो स्वर्णभरी मुद्राओं की जेबें भरकर आता है और हमें पीड़ाओं को गर्व में धकेल जाता है । इन शोषकों के माथे पर मनुष्य की विनाश लीलाएँ हैं और शब्दों में ध्वंस की राख झड़ती है । 

‘अनार का पेड़ आँगन में’, ‘भू तत्त्वीय आसमान’, ‘दैत्य को पछाड़ो’ आदि कविताओं में कविवर विजेंद्र ने नव उपनिवेशवादी शक्तियों के दुष्चक्र को उजागर किया है । यही नहीं कवि को अन्तरराष्ट्रीय मुद्राकोष, विश्व व्यापार संगठन, विश्व बैंक आदि गरीबों के शत्रु प्रतीत होते हैं, उन्हें पछाड़ने का आह्वान करता है-

वह बहुत ताकतवर है/क्रूर कुचाली और महाकपटी /
विश्व बैंक उसका घातक अस्त्र है । अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष
उसका कुचक्र/विश्व व्यापार संगठन उसका इंद्रजाल/
वह किसी का मित्र नहीं है। जो भी उसके पंजे से
दबा है/वह सबसे बड़ा शत्रु है/पूरी दुनिया के गरीबों का ।
(दैत्य को पछाड़ो, पृ.64)

कविवर विजेंद्र की कविता सीधे जनपद से आती है, फलतः कविता में ग्रामीण जीवन की सौंधी महक विद्यमान है । जहाँ कवि का बचपन बीता, सुख-दुःख का साक्षी बना और संघर्ष की प्रेरणा बनी । ‘फरीदाबाद की भोर’ में कवि को अब फलदार दरख्त, नदी, ताल, प्रपात, दूब, नीम आदि नज़र नहीं आते । मनुष्य की उद्दाम लालसाओं का शिकार यह ग्रामीण जीवन भी हो गया है । ‘तलछट’ में कवि के मन की अन्तर्व्यथा उजागर हुई है, जहाँ जीवन में न केवल संघर्ष रहा है, बल्कि स्वाधीन भारत में लोगों की दुर्दशा का जीवन्त चित्रण भी है । ‘सुबह’ कविता में कवि को जीवन के रहस्य गुफाओं में नहीं, बल्कि लड़ते हुए आदमी की क्रियाओं में दिखाई देते हैं । साथ ही कवि ने आशा नहीं छोड़ी है, वह घोषणा करता है- 

वो समय जरूर आयेगा, जरूर/दुनिया
के लोग जानेंगे/दुनिया में लोग कितने त्रस्त हैं ।
कितने भूखे-प्यासे/कुपोषण से मरते हुए ।
(बेघर का बना देश, पृ.46)

कवि की जिजीविषा, अदम्य साहस और सतत् संघर्ष का स्वर ‘खुलेंगे कपाट’, ‘सुबह’, ‘धातुक खनक’ में दिखाई देता हे । इसके साथ ही आने वाले समय को आशावादी दृष्टि से देखने वाली कविताएँ ‘इतनी धुमैली रोशनी में’, ‘सोचने से पहले देखो’, ‘पवन गीता का अवसान’ आदि हैं । ‘तमस द्रव्य ऊर्जा’ में कवि प्रत्येक क्षण में जीवन के नये प्रतिरूप का दर्शन करता है। जहाँ कभी जन्म रूकता नहीं, निर्द्वन्द्व आगे बढ़ता है । ‘खुलेंगे कपाट’ में कवि मुक्ति के स्वर तलाश रहा है- 

सुनूँगा हर बार/ लहरों में बजती/तारों की घंटियाँ/
मेरे पाँव सने दलदल में/हाथों में कालोंच/नमक
के पानी में घुलने का सन्नाटा/जल पाँखियों
की प्रजनन आतुर चीखें/ मेरी मुक्ति के लिए
खुलेंगे जंग लगे कपाट ।
(पृ.75)

कविवर विजेंद्र ने अपने आंतरिक उद्गारों को प्रकट करने से पूर्व कविता से संवाद स्थापित किया है । उनकी अभिव्यक्ति में कविता लोकतंत्र की पर्याय बनकर उभरती है । वह संघर्ष की गाथा के रूप में कविता को ही स्वीकार करता है । कवि ने स्वयं के जन्म के साथ शब्द के जन्म को स्वीकार कर अपनी रगों में कविता की जड़ों को तलाश करने का प्रयत्न ‘मेरा जन्म’ कविता में किया है । साथ ही ‘कविताएँ जो मुझे प्रिय हैं’ में कवि की उत्कट इच्छा है कि वह लोक से जुड़ा रहे, क्योंकि यह लोक से जुड़ाव ही उसे गतिशील बनाये रख सकता है । ‘तलछट’ कविता में कवि अपने आँसू दिखाना नहीं चाहता, बल्कि अपना एक ध्वनि-राग बनाना चाहता है जो अपनी धरती और देश को बचाये रखे । कवि सरस्वती से आह्वान करता है-

ओ कविता की देवी/तुम सोई हो कहीं/निविड़
अँधेरी छाँह में/या कहीं धरती की कोख में/
तुम जागो/कवि छंद खो चुका हैं/भूखा है
झूठे यश को/मुट्ठी भर सिक्कों में/बेचता 
ईमान को । /
(मुझे जगाने दो सरस्वती को, पृ.15)

कविताओं की भाषा में विविधता है । परम्परागत प्रतीकों के स्थान पर कवि ने अपने लक्ष्य की पहचान करने वाले उदाहरण प्रस्तुत किए हैं । नये सौंदर्य का बोध कराने वाली भाषा चलताऊ भाषा से बिल्कुल अलग है । आक्रोश के क्षणों में बिम्बवान स्वाभाविक पीड़ा को उजागर करती तिक्त शब्दावली भी कविता की अर्थवत्ता बढ़ा देती है । जहाँ कहीं कवि भाव-विभोर है, तो संबोधन शैली में आत्म-साक्षात्कार भी बिम्बमय हो गया है, जैसे-

ओह! कितना गहन है अवसाद/सुनता हूँ
अँधेरे के छलकते से प्यालों में तिरती रात
की ग्रेनाइट छायाएँ । (पृ.113)

अथवा
प्रतिमानों के भगनावशेष में/सिर धुन रही कविता/
खण्डहरों में चीखते पत्थर/रहूँगा अभी सहने को ।
(पृ.79)

समकालीन कविता में ‘लय’ की जिस तरह उपेक्षा हुई है, उसे न्यायोचित नहीं कहा जा सकता । कवि और आलोचक बोधिसत्व की यह टिप्पणी द्रष्टव्य है, “छंद और रस का जितना नाश तथाकथित राजनैतिक कवियों ने किया उतना और किसने किया होगा । इस पूरी पीढ़ी ने कुल पच्चीस छंदबद्ध कविताएँ भी न लिखी होंगी । इस पीढ़ी के द्वारा किया गया हिंदी काव्य का काव्यात्मक अपकार अगले कई सालों में शायद ही मिटाया जा सके ।” (वागर्थ, दिसम्बर 2012) लेकिन कविवर विजेंद्र के शब्द हैं कि कविता में काव्यलय को मैं बहुत महत्त्वपूर्ण मानता हूँ । यह दृष्टि उनकी प्रत्येक कविता में दिखाई देती है, जहाँ आन्तरिक लय विलुप्त नहीं हुई है । कतिपय पंक्तियाँ द्रष्टव्य हैं-

समझते हम पशु जिन्हें
कहने लगे हालात अपने
सुनकर लगा दिया कँपने ।
(पृ.86)

इसी तरह-
चाहिए अन्न हर पेट को
रोशनी हर आँख को
आकाश हर पाँख को ।(पृ.94)

समग्रतः विजेंद्र रचित कविताओं का स्वर व्यवस्थागत विद्रुपताओं पर आक्रोश व्यक्त कर चुप रहना नहीं है, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए नए आयाम प्रस्तुत करना रहा है । आज जब हिन्दी कविता को लोक की सामुदायिक भावना से तोड़ने और छिन्न भिन्न करने की कोशिश की जा रही है और जब हिंदी कविता में जब जनमानस की अभिव्यक्ति नहीं है, तब कविवर विजेंद्र की कविताएँ आश्वस्त करती हैं कि ये मात्र बौद्धिक जुगाली या वैचारिक समस्याओं का अरण्यरोदन करने वाली नहीं, बल्कि लोकधर्म की रक्षा करने वाली और कविता के भीतर लोकतंत्र की स्थापना करने वाली है ।

                               डॉ.राजेन्द्र कुमार सिंघवी
प्राध्यापक ‘हिन्दी’
महाराणा प्रताप
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय
चित्तौडगढ़(राजस्थान)
मो. 09828608270


समीक्षा:‘एक देश और मरे हुए लोग’ का वर्तमान कविता परिवेश में दख़ल

साहित्य और संस्कृति की मासिक ई-पत्रिका            'अपनी माटी' (ISSN 2322-0724 Apni Maati )                फरवरी-2014 

चित्रांकन:इरा टाक,जयपुर 
‘अब बहुत हो गया/यह रही कलम और ये रहे छंद/
मैं जा रहा हूँ/ सदियों से राह तकते/पथरायी 
आँखों वाले/ उस आदमी के पास/(न रोको कोई, पृ. 16)

अर्थात् साहित्य अब सामाजिक सक्रियता की ओर बढ़ना चाहता है। परिवर्तन की अदम्य चाह में कवि ‘एक्टिविस्ट’ के तौर पर ‘कलम की ताकत’ को नई भूमिका में 21वीं सदी में प्रस्तुत कर रहा है। नई सदी के पहले दशक के उभरते युवा कवि ‘विमलेश त्रिपाठी’ का काव्य संग्रह ‘एक देश और मरे हुए लोग’ का आरंभ मुक्तिबोध की प्रेरणा से होता है, जहाँ ‘मर गया देश और जीवित रह गए तुम’ कवि का जीवित रहना अभिशप्त है, यदि वह विद्रुपताओं पर मौन रहे, स्वार्थ के आदर्श लिबास में हो, बौद्धिक जुगाली में व्यस्त होकर विचारहीन यांत्रिक सभ्यता का हिस्सा बन गया हो।

विमलेश त्रिपाठी का कविता संग्रह पाँच खण्डों में विभक्त हैं - इस तरह मैं, बिना नाम की नदियाँ, दुःख-सुख का संगीत, कविता नहीं तथा एक देश और मरे हुए लोग। यह कवि उस दौर का साक्षी है जहाँ मनुष्य के अमानवीकरण की गति में तीव्रता आई है। वैचारिक दृष्टि से समाजवाद का स्वप्न ध्वस्त हुआ है तो यांत्रिक सभ्यता का कहर भी विद्यमान है। मानवता को खूंटियों पर टाँग देने का प्रयास हो रहा हो, तब युवा कवि का न केवल आक्रोश व्यक्त होता है, बल्कि वह उस विचारहीनता को चुनौती देता है, जिसका संकेत मुक्तिबोध ने अपने आदर्शवादी मन को सम्बोधित करते हुए कहा था कि ‘अब तक क्या किया। जीवन क्या जिंया। उदरंभरि बन अनात्म बन गए। भूतों की शादी में कनात से तन गए।’

कवि इस सदी के उस विस्मयकारी यथार्थ का सामना करता है, जहाँ दुनियाँ ‘शॉपिंग काम्पलेक्स’ में अपनी शांति खोज रही है। पदार्थों में निवेश मनुष्य से ज्यादा हो गया है। मनुष्यता को निगलने वाला समय तेजी से आगे बढ़ रहा है। तब कवि का स्तर अपने अन्दर ‘हाँफता हुआ बूढ़ा गाँव’ तलाश करता है, जिसमें अभी तक वे सब चीजें बची हुई हैं, जो मनुष्य के लिए जरूरी है। कवि उसे बचाना चाहता है-

सपने में कोई शहर नहीं आया कभी। नींद जब खुली तो
हर बार गांव से शहर आया। मैं एक गाँव और वही रहा अब  
तक / कोलकाता नहीं बन सका.........। (एक गाँव हूँ, पृ. 10)

‘एक देश और मरे हुए लोग’ (कविता संग्रह)
- विमलेश त्रिपाठी
- बोधि प्रकाशन, जयपुर।
- प्रथम संस्करण, 2013
- मूल्य 99/-
कवि का ‘कोलकाता’ नहीं बन पाना, उस स्रोत को बनाये रखने की कोशिश है, जो जीवन का मूल रस है। इसी कारण ‘त्रिलोचन’ की ‘चंपा’ काले अक्षर चीन्हना नहीं चाहती तथा कवि को भी कलकत्ता जाने से रोकती है - कलकत्ता मैं कभी न जाने दूँगी। कलकत्ते पर बजर गिरे।’ भूमण्डीकरण और यांत्रिक जीवन से दूर सहज मानवीय संबंधों की तलाश में कवि निकलता है तो उसे अपने गाँव की स्मृति आती है, जहाँ कभी चिड़िया के साथ उड़ता हुआ घूमना, रंगीन मछलियों के साथ तैरना अथवा हरी दूब के साथ रहना याद आता है, किन्तु कोलकाता आने के साथ अब आम के बगीचे, पानी से भरी नहर, खेत, बस्ते की धूल आदि सब पीछे छुट गए हैं और गाँव की दशा भी पूँजीवादी सभ्यता के कहर में कुछ इस तरह हो गई है-

गाँव में अब रह गए हैं सिरफ पागल और बूढे।
स्त्रियाँ गांव के चौखट पर परदेशियों के आने का अंदेशा लिए।
जवान सब चले गए दिल्ली सूरत मुंबई कोलकाता।
जंतसार की जगह गूंजता है मोबाईल का रिंगटोन।                                                                 (इस तरह मैं, पृ. 29)

आर्थिक उदारीकरण और पूँजीवादी मानस से त्रासदी का चित्रण कवि ने ‘यह नहीं शहर’, ‘खिड़की पर फदगुदिया’, ‘एक गाँव हूँ’, ‘कहीं जाऊंगा नहीं’, ‘इस तरह मैं’, आदि कविताओं में हुआ है। परंतु कवि अपनी पीड़ा को यहीं समाप्त नहीं करता, वरन् आजादी के साठ साल मनाती उस पीढ़ी से सवाल करता है-

क्या चाहिए इन बच्चों को /मोबाइल /लैपटॉप /पॉर्न किताबें /
कम्प्यूटर /या हवा और पानी / और रोटी/ जो
अब तक नहीं पहुँच पाई है साबुत /और हमें गर्व
है कि हमने पिछले साल ही / आजादी का छठवां दशक
मनाया है।     (एक देश और मरे हुए लोग, पृ. 144)

आजादी के साठ साल पूरे हो जाने पर भी हवा, पानी और रोटी की समस्या हल नहीं होना, उस भ्रष्ट तंत्र का चेहरा प्रस्तुत करता है, जिसका प्रभाव इस दशक तक जारी है। कवि का आक्रोश देर तक संयमित नहीं रह पाता। मनुष्य के राक्षस बनने की प्रक्रिया पर कवि उस विचारहीन, बेढाल, निर्द्वन्द्व अथवा मरे हुए लोगों की भाँति पीढ़ी पर व्यंग्य करता है इंतजार करता है-

मैं इंतजार में था / कि शब्द किस तरह बारूद और बंदूक 
में ढलेंगे / कब उन शक्लों में ढलेंगे /जिनका सदियों से
कर रहा मैं इंतजार।                   (वही, पृ. 136)

कवि का यह आक्रोश ‘धूमिल’ के उस प्रश्न की तरह है, जो संसद से पूछता है कि वह तीसरा व्यक्ति कौन है जो रोटी से खेलता है? संसद मौन है। कवि विमलेश त्रिपाठी का मानना है कि राजनीतिक व्यवस्था भी मरे हुए लोगों का जमघट है। इसी कारण यह दृश्य है-

गूंजता अट्टहास / होते थे चुनाव / जीतती थीं पार्टियाँ
होते थे जश्न / देश की जनता मर रही थी हर रोज /भय से
दुःख से / मक्कारी से / कि अब और कोई रास्ता नहीं
बचा था।                 (वही, पृ. 137)

नई सदी में यदि हमने कुछ खोया है तो वह है - रिश्तों की बुनियाद। दरकते रिश्ते, कम होती स्निग्धता, प्रेम और आत्मीयता, इतिहास की वस्तु बनते जा रहे हैं। कवि आने वाली पीढ़ी को रिश्तों को नदी के पानी की तरह बचाने और प्रेम-पत्रों की तरह सहेजने की बात कहता है। जब कभी रिश्ते टूटने लगे तब वह कहता है-

और पड़ने लगे /गाँठ कोई अगर / तो मेरी ओर नहीं
अपने पूर्वजों की ओर देखना  / जिनने सब सहकर भी
अपने बीच की आँच को असंख्य वर्षों तक बचाए रखा।
                                                (अंकुर के लिए, पृ. 63)

कवि की उक्त आकांक्षा ‘सपने’, ‘बहुत ज़माने पहले की ‘बारिश’, ‘ओझा बाबा को याद करते हुए’, ‘तुम्हें ईद मुबारक हो सैफूदीन’, ‘घर’, ‘हम बचे रहेंगे’, आदि कविताओं में भी प्रकट होती है।

विगत दशक में ‘स्त्री-पीड़ा’ की व्यापक चर्चा हुई है, स्त्री-चेतना की मुखर अभिव्यक्ति से कविताओं का कथ्य मौलिकता से प्रस्तुत हुआ है। भारतीय समाज की मध्यकालीन मानसिकता से बेटियों को सदैव अपनी भावनाओं को दफन करना पड़ता है। ‘बड़ी होती बेटी’ के लिए समाज के बंधनों को मदन कश्यप ने लिखा-‘कलेजे में दबा रहे दुःख /भूख और विचारों को मारना सीखो  /अपने को अपने भीतर गाड़ना सीखो।   (तद्भव, अंक 16, पृ. 108) कवि विमलेश त्रिपाठी ने उस वर्ग को ‘बिना नाम की नदियाँ’, कहा है। सदैव स्नेह, प्यार और स्निग्धता की निर्मल धारा बहाने वाली इन बेटियों को हमारे समाज ने कभी मान नहीं दिया। कवि के शब्दों में वे बिना नाम की नदियाँ हैं। सदियों से बहती आ रही सतत्। कवि उन बंधनों की समाप्ति चाहता है-

उन्हें जरूरत उस मृत्यु की /जिसके बाद सचमुच का
जीवन शुरू होता है।     (होस्टल की लड़कियाँ, पृ. 49)

कवि यह भी प्रश्न उठाता है-

क्या कभी भाईयों ने भी व्रत रखे /अपनी बहनों 
के लिए।           (बहनें, पृ. 39)

कविता संग्रह की अन्य कविताओं यथा- ‘उस लड़की की हँसी’, ‘माँ के लिए’, ‘अगर भेजना’, ‘एक स्त्री के लिए’, ‘आजी की खोई हुई तस्वीर मिलने पर’ आदि में स्त्री-पीड़ा लैंगिक भेद और स्त्री-सम्मान के प्रश्नों को उठाते हुए उसकी मार्मिक पीड़ा को अपने स्तर में प्रकट किया है। बेटी अपने बाबुल से कहती है-

भेजना मुझे तो भेजना मेरे बाबुल /उस लोहार 
के पास भेजना / जो मेरी सदियों से बेड़ियों
को पिघला सके।    (अगर भेजना, पृ. 42)

कैसी विडम्बना है कि सभ्य होने का दंभ भरने वाली यह मानव जाति इक्कीसवीं सदी में भी जातीय उन्माद, धार्मिक असहिष्णुता और नक्सली हिंसा का सामना कर रही है। यह परिणाम तथाकथित बुद्धिजीवी संकुचित मानसिकता का कारण है जो सभ्यता को धर्म और जाति के आवरण में परिभाषित करती है। आज की पीढ़ी इन बंधनों को तोड़ना चाहती है। कवि भी उस भावना को प्रकट करते हुए सैफूदीन को ईद की मुबारकबाद देने के बदले अपने पूर्वजों के मानसिक संकोच को प्रकट करता है-

मेरे पिता ने कभी सिवइयाँ नहीं खाई /तुम्हारे घर /
माँ ने हमेशा तुम्हें दूसरे कप में चाय दिया /
तुम घर के भीतर कभी नहीं गए मेरे /   (तुम्हें ईद मुबारक हो सैफूदीन, पृ. 61)

सभ्यताओं को जब ‘धर्म’ का पर्याय बनाकर प्रस्तुत किया गया है। अंध-श्रद्धा ने मानवीय कटूता को जन्म दे दिया। कभी अत्यधिक मांग ने किसी का हक छीना तो ‘नक्सली’ चिंताओं ने समाज की व्यवस्था पर प्रश्न चिह्न लगा दिए। जातीय उन्माद, प्रतिहिंसा के भाव और प्रतिशोध की चिनगारी लिए इस नई सदी का प्रवेश हुआ। सांप्रदायिक विद्वेष की परिणति को अष्टभुजा शुक्ल ने ‘बस्ती एक धीमा शहर है’ में लिखा - कि कहीं मिलता है आधा जला हुआ दुपट्टा। कहीं आधा जला हुआ खिलौना/ कहीं अधजली बीड़ी/ कहीं दमकलों के पाइप/ कहीं रिलजले/ कहीं कहीं तो केवल जलन मालूम होते हैं। (तद्भव, अंक 10)। कवि विमलेश त्रिपाठी ने सत्तर के दशक का हमारा समाज और मानवता की नियति का जो शब्द-चित्र खींचा है, वह भी कुछ कम नहीं है 

सत्तर के दशक की / एक रईस और खानदानी महिला के नाम 
के साथ / सड़क पर बेतहाशा भागते-छुपते /मासूम और तथाकथित 
नक्सलियों की लोहे की गोलियों से छलनी हुई लाशों लिखी होती हैं
सन चौरासी का डर / गुजरात की शर्म /और उस औरत का पेट लिखा होता है /
जिससे निकाल कर एक बच्चे को / एक कभी न बुझती हुई /
आग में झोंक दिया गया था।        (एक पागल आदमी की चिट्टी, पृ. 105)

ऐसे विकट दौर में बुद्धिजीवी वर्ग अनिर्णय का शिकार है। वह लाभ का सौदा दिखने पर दौड़ लगाता है। आडम्बर व खुशामद की दुनिया में अपनी मानता है। मानसिक गुलामी को वह ‘सुविधा’ समझता है, गंतव्य उसे ज्ञात नहीं, विसंगतियों पर मौन-प्रतिक्रिया देता है। तब कवि अपने आपको बुद्धिमान कहलाना पसन्द नहीं करता। त्रासद व्यंग्य करते हुए कहता है-

आज के समय में बुद्धिमान होना / बेईमान और 
बेशरम होना है / इसीलिए है भंते बुद्धिमानों  
की दुनिया में / मैं मूर्ख रहकर ही जीना चाहता हूं। 
(स्वीकार, पृ. 15)

कवि का यह दुःख ‘न रोको कोई’, ‘यदि दे सको’, ‘जिंदा रहूंगा’ ‘इस बार सच’ आदि में प्रकट होता है तो वह घोषणा भी कर देता है-

कलम बंद करो / मंच से उतरो  / चलो इस देश की
अंधेरी गलियों में / सुनो उस आदमी की बात / उसको 
भी बोलने का मौका दो कोई।    (न रोको कोई, पृ. 16)

कवि की बैचेनी स्पष्टतः महसूस की जा सकती है, उसकी पृष्ठभूमि में, राम की शक्ति पूजा के राजीव नयन, अथवा मुक्ति बोध को ‘ब्रह्मराक्षस’ दिखाई देता है। यह कवि लाचार नहीं, बल्कि व्यवस्था को बदलने के लिए आतुर नजर आता है। वह अपने क्रोध के बाहर आने की प्रतीक्षा में है-

क से अपने क्रोध के बाहर आने की /
क से कर रहा प्रतीक्षा  /       (क से कवि मैं, पृ. 76)

‘नकार’ कविता नहीं, ‘क्या करोगे मेरा’, ‘बचा सका अगर’ आदि कविताओं में कवि को शब्द-संग्राम अब अपर्याप्त लगने लगा है। उसकी दृष्टि में केवल कविता इन समस्याओं का समाधान नहीं, बल्कि उससे बाहर आकर कुछ करने की छटपटाहट है-

एक गुमनाम कवि मैं /अंततः /एक चौराहे पर खड़ा होकर /
जोर-जोर से चिल्लाना चाहता हूँ  /देश / देश और लोकतंत्र /
कि कविता और कविता.......!   (एक देश और मरे हुए लोग, पृ. 152)


देश को बचाने की उत्कट भावना के साथ कवि की दृष्टि पर्यावरण की त्रासदी पर भी गई है। ‘मैं एक पेड़’, ‘पेड़ से कहता हूँ’, 'धरती को बचाने के लिए’, ‘खिड़की पर फदगुरिया’, आदि कविताओं में उस भयावह संकेत को उजागर किया गया है, जब पेड़ों की जगह ‘कक्रीट के जंगल’ देखने को मिलेंगे। कवि की चिंता स्पष्ट है-

और कि आखिर /पेड़ भी गिरेगा एक दिन /
पेड़ की जगह /उग आएगी एक इमारत शानदार /
मैं देखता खड़ा रहूंगा /घर की अकेली खिड़की से।
(मैं एक पेड़, पृ. 22)

संग्रह की कविताओं से गुजरते हुए एक पाठक को कवि का तिक्त जीवन, पीड़ा और गहरी संवेदना के साथ ‘मुक्ति बोध की तड़प’ महसूस होती है, बीच-बीच में प्रकृति प्रेम, वैज्ञानिक बोध भी प्रकट होता है। समस्याओं से समाधान के लिए कवि जब मंच से उतर कर लोहा लेता है तब वह कोई ‘एक्टीविस्ट’ दिखता है। कविता में सीधी-सपाट तीव्र भाव बोध वाली शब्दावली उन नए कवियों के लिए प्रेरणादायी है, जो बेवजह उसे जटिल बना रहे हैं। कभी-कभी कवि ने अपने विचारों को भावावेश के कारण एक से अधिक बार प्रकट कर दिया है अथवा अनावश्यक विस्तार भी दे दिया है। यही नहीं आक्रोश के क्षणों में ‘असंयत शब्दावली’ का भी प्रयोग किया है, जिससे बचा जा सकता था, यथा-

एक ऐसा समय था वह  / जब मंच पर एक आदमी नैतिकता 
की उल्टी करता /और रात में बन जाता एक खूंखार दैत्य /
किसी मजबूर लड़की के साथ रात बिताता।  (एक देश और मरे हुए लोग, पं. 137)

लेकिन उसे भावों की तीव्रता के क्षणों का आभास भी माना जा सकता है। कवि ने कहीं कोलाजनुमा कविता का शिल्प भी बुना है, जैसे- ‘क से कवि मैं’। इसी प्रकार लुप्त होते गीतितत्व की झलक ‘जीवन का शोक गीत’ में दिखाई देती है। लम्बी कविताएँ स्पष्टतः मुक्तिबोध की परम्परा का अनुसरण है, यहाँ तक कि निहित भावों में भी समानता है। भाषा में आँचलिकता का पुट सरसता प्रदान कर रहा है। प्रयोगवादी कविता की तरह कहीं- कहीं शब्द चमत्कार भी अधिक हो गया है, जैस कि ‘पानी’ कविता में।

अंतिम खण्ड ‘एक देश और मरे हुए लोग’ में फैंटेसी है, जिसके सहारे कवि ने अपने कथ्य को पाठकों तक गहरी और पैनी धार से पहुंचाया है। संबोधन शैली में हे भंते। आकृष्ट करता है। बहुत अच्छे ढंग से अपनी बात कहने के बाद भी कवि का यह कथन कि एक शब्द साझा करने में / करनी पड़ती सदियों की यात्राएँ / और मैं हूं कि लाख कोशिश के बाद भी / वह कर नहीं पाता’ उनकी विनम्रता का द्योतक है। ‘बोधि प्रकाशन’ का आकर्षण मुद्रण सदैव प्रशंसनीय रहता है। मूल्य मात्र 99/- है। मेरा स्पष्ट मत है कि यह कविता संग्रह वर्तमान परिवेश को बखूबी उजागर करने के साथ विसंगतियों के समाधान का विकल्प प्रस्तुत करती है।



डॉ.राजेन्द्र कुमार सिंघवी: 
युवा समीक्षक, महाराणा प्रताप राजकीय, स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चित्तौड़गढ़ में हिन्दी प्राध्यापक हैं। आचार्य तुलसी के कृतित्व और व्यक्तित्व पर शोध भी किया है। स्पिक मैके, चित्तौड़गढ़ के उपाध्यक्ष हैं। ‘अपनी माटी’ में  प्रबंध सम्पादक हैं। शैक्षिक अनुसंधान और समीक्षा आदि में विशेष रूचि रही है। मो.नं.+91-9828608270, डाक का पता:-सी-79, प्रताप नगर, चित्तौड़गढ़ ,ब्लॉग, ई-मेल Print Friendly and PDF

Search This Blog