Showing posts with label पुस्तक समीक्षा. Show all posts
Showing posts with label पुस्तक समीक्षा. Show all posts

आलोचना की सांस्कृतिक व्याख्या का अक्षय-वट : हिन्दी आलोचना कोश

 

पुस्तक समीक्षा

आलोचना की सांस्कृतिक व्याख्या का अक्षय-वट : हिन्दी आलोचना कोश

(शब्दघोष पत्रिका, जयपुर में प्रकाशित)


आलोचना साहित्य की परम्परागत विधा है। यह रचना का समग्र मूल्यांकन कर उसका साहित्य-प्रवाह में स्थान निर्धारित करती है। समग्रता के निर्धारण हेतु साहित्य की व्याख्या करना, सिद्धान्त निर्माण करना, रचना को मानकता की कसौटी पर परखना और युग-सापेक्षता तय करना आलोचना का महत्त्वपूर्ण कार्य है। समर्थ आलोचक कृति में अन्तर्निहित मूल्य, युगीन परिवेश एवं कलात्मक संरचना को पहचान कर तर्कबद्धता से प्रस्तुत करता है। उसकी दृष्टि एवं विवेकशीलता से रचना की सार्थकता प्रमाणित होती है। आलोचना की प्रक्रिया में साहित्यिक मूल्यों के निर्वहन की सदैव अपेक्षा रहती है। हिन्दी आलोचना ने भी समृद्ध परम्परा के साथ लम्बी यात्रा की है।

इक्कीसवीं सदी में हिन्दी आलोचना बहुमुखी धाराओं के साथ आगे बढ़ रही है। रचनागत मूल्यांकन में भारतीय मूल्यों की गहनता प्रकट हो रही है, तो पश्चिमी अवधारणाएँ इसे नया कलेवर दे रही हैं। रचनाओं की विपुल मात्राओं, विविध वैचारिक पक्षों के उदय से आलोचना की गंभीरता बढ़ती जा रही हैं। ऐसे समय में डॉ. हरेराम पाठक जी ने हिन्दी आलोचना कोश के नौ खंडों का संपादन कर हिन्दी के शोधार्थियों एवं आलोचना कर्म में प्रवृत्त स्वतंत्र अध्येताओं को हिन्दी आलोचना के विविध आयामों से तार्किक ढंग से परिचित कराने, आलोचना की प्रक्रिया एवं दिशा से अवगत होने तथा पूर्ववर्ती आलोचकों के समृद्ध योगदान से प्रेरणा ग्रहण करने का अवसर प्रदान किया है।

यह आलोचना कोश डॉ. पाठक जी के एक दशक के सतत एवं गहन परिश्रम का निकष है। आलोचना कोश के इन नौ खण्डों में आलोचकों के जन्मक्रम से 1844 ई. अर्थात बालकृष्ण भट्ट से लेकर 1960 ई. के 155 आलोचकों की आलोचकीय दृष्टि की गहन पड़ताल है। इन आलोचकों की आलोचना दृष्टि पर देश भर के समकालीन लेखकों से आलेखों का लेखन करवाना, लेखन की आंतरिक त्वरा में समानधर्मिता को बनाए रखना तथा वैचारिक आग्रहों से परे आलोचना दृष्टि की सांस्कृतिक व्याख्या का उद्देश्य पूर्ण करने में डॉ. पाठक की साधना विस्मित करती है। परिणामस्वरूप डॉ. पाठक ने लगभग एक शताब्दी के आलोचना इतिहास और उसकी प्रवृत्तियों को एक साथ संकलित कर एवं उसे प्रकाश में लाकर हिंदी जगत के लिए विलक्षण कार्य किया  है।

वस्तुतः साहित्य की संस्कृति विभिन्न खेमों में बँटी हुई नहीं होती है। उसकी एक धारा होती है, जिसकी अंतरधारा मानवता से जुड़ी रहती है। आलोचना की यह संस्कृति बालकृष्ण भट्ट, भारतेन्दु, श्यामसुन्दरदास, मिश्रबंधु, महावीर प्रसाद द्विवेदी, रामचंद्र शुक्ल, हजारी प्रसाद द्विवेदी, नंददुलारे वाजपेयी, डॉ. नगेन्द्र, रामविलास शर्मा, मुक्तिबोध एवं नामवर जी के बरास्ते चलकर यहाँ तक आयी है। डॉ. पाठक का मन्तव्य है कि उस पर हम इसलिए गर्व करते हैं क्योंकि इससे हमें सांस्कृतिक आधार एवं 'सत्यं वद्, धर्मं चर' का आचरण प्राप्त होता है।

संपादक महोदय का मत है कि आलोचना साहित्य की विभिन्न विधाओं का मुखिया है। अतः उसके ऊपर दायित्व भी गुरुतर है। आलोचक की संस्कृति विवेक से जन्म लेती है, विवेक संवेदनाओं की पकड़ से जन्म लेता है। ऐसी संवेदना जो ज्ञानात्मक हो। ज्ञानहीन संवेदना न विवेक पैदा करेगी, न उससे आलोचक की संस्कृति ही निर्मित हो पायेगी। आलोचना की संस्कृति अंततः आलोचक के गुणों को ही रेखांकित करती है। इस दृष्टि से यह कोश हिन्दी आलोचना की सांस्कृतिक व्याख्या का स्वयमेव अक्षय-वट है। पुस्तक को मूर्त रूप प्रदान करने में अनेक लेखकों का रचना कर्म प्रणम्य है। साथ ही सर्व भाषा ट्रस्ट द्वारा आकर्षक कलेवर में त्रुटि रहित मुद्रण और समुचित मूल्य पर प्रकाशित यह कोश विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं स्वतंत्र अध्येताओं के लिए श्रेयस्कर होगा, ऐसा विश्वास है।





पुस्तक   : हिन्दी आलोचना कोश (खंड:1-9)
संपादक  : डॉ. हरेराम पाठक
संस्करण : प्रथम संस्करण, 2024
प्रकाशक : सर्वभाषा ट्रस्ट, उत्तम नगर, नई दिल्ली-59, 
 मूल्य   :  प्रति खंड-499/- (अजिल्द), 999/- (सजिल्द)

===================================================

‘कोरोना का कहर’ और त्रास में मनुष्यता

 ‘कोरोना का कहर’ और त्रास में मनुष्यता

('मधुमती' अंक अप्रैल-मई, २०२४ में प्रकाशित)

‘कोरोना काल' हमारी स्मृतियों में इस समय का सर्वाधिक त्रासदीमूलक काल-खण्ड है। एक ऐसा काल-खण्ड, जिसने न केवल भारत, अपितु वैश्विक महाशक्तियों को अपने कहर से स्तब्ध कर दिया। एक बार तो ऐसा लगा कि मृत्यु की विभीषिका हर दरवाजे पर आकर अट्टहास कर रही हो, जहाँ महाप्रलय सुनिश्चित है। अपने ही स्व-जनों की लाशों को कंधा न दे पाना, अंतिम संस्कार भी न हो पाना, पल भर में जीवन का समाप्त हो जाना और असहाय स्थिति में आपदा के टलने का इंतजार करना नियति बनकर रह गया। नर्सिंगकर्मी किशनलाल वर्मा जो स्वयं संवेदनशील रचनाकार रहे हैं और महामारियों के वैश्विक इतिहास से परिचित हैं, उन्होंने ‘कोरोना का कहर’ पुस्तक के माध्यम से मनुष्य-जाति पर आए इस संकट का हृदय-विदारक चित्रण किया है। पुस्तक में आत्म की अभिव्यक्ति के साथ कविता का संवेदना तत्त्व संपूर्ण जगत से जुड़ता है। सारी जटिलताओं के होते हुए भी कविता हमारी संवेदना के निकट होती है, यही राग तत्त्व है। इससे कवि की पीड़ा साधारणीकृत हो जाती है और जगत की पीड़ा उसकी वाणी बन जाती है।

सोलह खंडों में रचित पुस्तक का कलेवर ‘खंडकाव्य’ की भाँति है। इसके वर्ण्य-विषय में कोरोना का उद्गम, लक्षण, प्रसार, प्रभाव एवं परिणाम के साथ-साथ मानवीय व्यथा को उद्घाटित किया गया है, जहाँ मनुष्य के हाथ केवल बेबसी है। रचनाकार ने इस पुस्तक के माध्यम से अपनी संवेदनाओं को गीतिकाव्य से विस्तार देकर मार्मिक प्रस्तुति दी है। काव्य के प्रारंभ में कोरोना वायरस का उद्गम और इसकी प्रकृति की भयावहता की ओर संकेत करते हुए लिखा कि केवल छूने मात्र से यह रोग फैल रहा था और प्राणों को संकट में डाल रहा था- मानव से मानव में विचरण, इस वायरस के मिले प्रमाण।/चले हवा से बातें करते, छूने भर से संकट में प्राण।।

इसकी भयावहता का वर्णन करते हुए वह कहते हैं कि आरंभ में सर्दी-जुकाम, फिर खांसी, उसके बाद श्वास लेने में तकलीफ और देखते-देखते फेफड़े जाम हो जाना, उसके बाद रक्तचाप का कम होना, कोई दवा-उपचार न होना और मृत्यु का निकट आना आदि दृश्य विचलित करते हैं। कवि ने इसे ‘निशाचरी काया’ कहकर संबोधित किया-चमगादड़ का यह वंशज है, निशाचरी इसकी माया।/ मानव का भक्षण करने वाली है निशाचरी काया।। कोरोना के भीषण प्रवाह ने दुनिया की सारी दिशाओं को दहला दिया। वैश्विक ताकतें भी असहाय होकर ईश्वर के सामने नतमस्तक हो गईं। यहाँ कवि कोरोना के कहर को एक वैश्विक परिघटना के रूप में तो देखता ही है, उससे भी अधिक अपने आसपास घटी घटनाओं की स्थिति का रेखांकन करते हुए हमारे साथ बीती त्रासदी को  इन शब्दों में व्यक्त करता है-एम्बुलेंस के पीछे पीछे पुलिस का दस्ता आया था।/बल्ली बांस रस्सियां नगर निगम का बन्दा लाया था।।/कोरोना का ठप्पा घर के दरवाजे पर चस्पाया था।।/गली हो गई सील बल्लियों का अवरोध लगाया था।।

इस त्रासदी में कवि ने अपने दोस्तों, रिश्तेदारों, पड़ौसियों और की युवा चेहरों को खोया। उनकी स्मृतियों में वह द्रवित होकर चीत्कार उठता है। कोटा के साहित्यकार राधेश्याम मेहर और उनके युवा पुत्र की मृत्यु पर क्वारंटाइन के नाम पर अंतिम दर्शन भी नहीं कर पाना आदि संयोगों को वर्णित कर हमारी सोई हुई स्मृतियों को जागा दिया। सभी साहित्यिक मित्रों के दुःख को व्यक्त करते हुए लिखा कि- निर्मोही, आनन्द, राजेन्द्र, परमानन्द, विजय विचलित।/ कर न सके अन्तिम दर्शन अस्पताल में हम विलज्जित ।।

वस्तुतः कोरोना के कहर के बहाने कवि ने उन बाजारवादी शक्तियों को बेनकाब किया है जो प्रकृति का नाश कर रहे हैं और उपभोग की पराकाष्ठा में मानवता के विनाश की दहलीज पर खड़ा कर दिया है। कवि ने स्पष्ट किया है कि कथित बड़े राष्ट्रों ने मानवता को बाजार में बेच दिया है, इस कारण ऐसे दृश्य उपस्थित होते हैं। फिर भी उसे विश्वास है कि अंततः मनुष्यता की ही विजय होगी। समग्रतः कवि ने युगानुकूल परिदृश्य को अपनी कविता में बखूबी उकेरा है। उसका समय मानवता और दानवता की संक्रमणकालीन परिस्थितियों का साक्षी है, जिसकी पहचान उसने कर ली है। भूमंडलीकरण के फलस्वरूप बदलते परिवेश को उसने बखूबी व्यक्त किया और उसके भावी दुष्परिणामों का संकेत कर कवि-समय का निर्वाह किया है।

पुस्तक की भाषा में सहजता है। साहित्यिक प्रतिमानों का निर्वाह नहीं के बराबर है, परंतु संवेदना का धरातल गहरा है। लयात्मक गीतिबद्धता से पीड़ा का उद्घाटन मर्मस्पर्शी ढंग से हहुआ है। पुस्तक की भूमिका में ही कथ्य को स्पष्ट किया गया है, जिससे पाठकों को रचना के मर्म को समझने में मदद मिली है। आवरण शीर्षक के अनुरूप है। ओम पब्लिशिंग कंपनी, दिल्ली से प्रकाशित यह कृति सुधी पाठकों को अवश्य उद्वेलित करेगी ऐसा विश्वास है।


समीक्षक: डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंघवी

खंडकाव्य: कोरोना का कहर

रचनाकार: किशनलाल वर्मा

प्रकाशक: ओम पब्लिशिंग कंपनी, दिल्ली-32

पृष्ठ: 119, आमंत्रण मूल्य: ₹ 295/-,





रामचन्द्र शुक्ल: दृष्टि-सृष्टि (पुस्तक समीक्षा)

 

पुस्तक समीक्षा-
रामचन्द्र शुक्ल: दृष्टि-सृष्टि
=======
'साहित्य परिक्रमा' में प्रकाशित...

हिन्दी समालोचना को वैज्ञानिक स्वरूप प्रदान करने का श्रेय निस्संदेह आचार्य रामचन्द्र शुक्ल को है। उन्होंने प्राचीन भारतीय और नवीन पाश्चात्य काव्य सिद्धान्तों का समन्वय कर अपना तार्किक मत रखते हुए समालोचना के नए सिद्धान्त निर्मित किए। हिन्दी समालोचना के क्षेत्र में एक मान्य, प्रौढ़ मानदण्ड और प्रभावशाली पद्धति की आवश्यकता थी, इसकी पूर्ति शुक्लजी ने की। लेकिन आचार्य शुक्ल का रचनात्मक आकाश कविता, कहानी, निबंध, साहित्येतिहास, साहित्य-शास्त्र एवं अनुवाद आदि क्षेत्रों में विस्तारित है। आचार्य शुक्ल की समग्र साहित्यिक दृष्टि एवं सृष्टि के अवलोकन का प्रयास कृष्ण बिहारी पाठक की सद्य प्रकाशित पुस्तक ‘रामचन्द्र शुक्ल: दृष्टि-सृष्टि’ में हुआ है। उक्त पुस्तक में संकलित आठ निबंधों में कविता संग्रह ‘मधुस्रोत’, निबंध-संग्रह ‘चिन्तामणि’, कहानी ‘ग्यारह वर्ष का समय’, हिन्दी साहित्य का इतिहास एवं तुलसी, सूर, जायसी पर लिखित आलोचनात्मक ग्रंथों के माध्यम से आचार्य शुक्ल की रचनाधार्मिता के मूल्यांकन का सार्थक प्रयास दिखाई देता है।
आचार्य शुक्ल एक आलोचक तो हैं ही वरन एक कवि हृदय भी हैं। आलोचना विधा के महानायक आचार्य शुक्ल का कवि-हृदय भी उन्नत कोटि का रहा है। यद्यपि वे आलोचक तो हैं ही, तथापि उनका विपुल काव्य उनके कवि होने का प्रमाण हैं। उनके विपुल काव्य का संकलन ‘मधुस्रोत’ नामक काव्य-संग्रह में है। मधुस्रोत’ में आचार्य शुक्ल रचित 31 कविताओं का संकलन है। जिसका प्रकाशन नागरी प्रचारिणी सभा द्वारा 1971 में किया गया। 1901 से 1929 तक लिखित ये कविताएँ तत्कालीन प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिकाओं- सरस्वती, आनंदकादंबिनी, बालप्रभाकर, नागरी प्रचारिणी पत्रिका, लक्ष्मी, इन्दु, बाल हितैषी, माधुरी, सुधा आदि में प्रकाशित हुई। ‘मधुस्रोत’ नामक काव्य-संग्रह की सम्यक् विवेचन आचार्य शुक्ल की काव्य-प्रतिभा का निदर्शन, परवर्ती आलोचक का बीजग्रंथ और समय की अनुगूँज में प्रखर व्यक्तित्व का प्रमाण देता है। पुस्तक के प्रथम निबंध में ‘मधुस्रोत’ के साथ-साथ अन्य ग्रंथों के आधार पर उनके प्रकृति-प्रेम को समालोचक की दृष्टि से प्रकट किया है।
आचार्य शुक्ल ने सैद्धान्तिक और व्यावहारिक दोनों प्रकार की समीक्षाएँ लिखी। सैद्धान्तिक समीक्षा की दृष्टि से ‘रस-मीमांसा’ स्वयं एक प्रतिमान है, जबकि व्यावहारिक आलोचना का उन्नत रूप ‘तुलसी’, ‘जायसी’ की ग्रंथावली की भूमिकाओं, ‘भ्रमर गीत सार की भूमिका’ तथा ‘हिन्दी साहित्य का इतिहास’ में दिखाई देता है। सौन्दर्यानुभूति को भी आचार्य शुक्ल ने रसानुभूति के स्तर पर ही देखा है। वे लोक की सामान्य भूमि और सामान्य हृदय की स्थिति की भाँति ही सौन्दर्य के सामान्य आदर्श की स्थिति मानते हुए उसकी अनुभूति को मंगल विधायिनी मानते हैं। आचार्य शुक्ल ने ‘रसवाद’ को आध्यात्मिक भूमि से उतारकर वैज्ञानिक आधार पर प्रतिष्ठित किया। ‘रस’ को काव्य की आत्मा स्वीकार करके शेष समस्त मान्यताओं को इसी के भीतर समाविष्ट किया। उन्होंने ‘रस-सिद्धांत’ को आधुनिक युग की आकांक्षा के अनुकूल करके पुनः प्रतिष्ठित किया। वे हिन्दी के पहले आलोचक हैं, जिन्होंने भारतीय काव्य शास्त्र की अतल गहराई में प्रवेश करके उसकी महत्ता, सारवत्ता, व्यापकता और उपयोगिता को रेखांकित प्रस्तुत पुस्तक के दो आलेख- आलोचना के भारतीय संदर्भ एवं समालोचना के सांस्कृतिक प्रतिमान में उक्त दृष्टि का सम्यक विवेचन समाहित है।
आचार्य शुक्ल का सैद्धांतिक समीक्षा का आधार भारतीय काव्य-शास्त्रीय सिद्धांत ‘रसवाद’ है। आचार्य शुक्ल ने इसे सर्वथा पूर्ण मानदण्ड माना। प्रसिद्ध आलोचना ग्रंथ ‘रस मीमांसा’ में इसका पर्याप्त विवेचन हुआ है।इसके अतिरिक्त चिन्तामणि भाग-2 में संगृहीत ‘काव्य में रहस्यवाद’ तथा ‘काव्य में अभिव्यंजनावाद’ में भी सैद्धांतिक आलोचना का विवेचन मिलता है। आचार्य शुक्ल की सैद्धांतिक आलोचना को संकलित अन्य विविध निबंधों में मूल्यांकित करते हुए भारतीय काव्यशास्त्र की महनीयता को भी उजागर किया है। आचार्य रामंचद्र शुक्ल के निबंधों का संग्रह ‘चिंतामणि’ के दो भागों में सुरक्षित है। चिंतामणि भाग-एक में संगृहीत सत्रह निबंध मनोविकार व समीक्षात्मक श्रेणी के हैं, जबकि चिंतामणि भाग-दो में काव्यशास्त्र से संबंधित तीन गवेषणात्मक निबंध हैं। इस प्रकार आचार्य शुक्ल द्वारा लिपिबद्ध बीस निबंधों का विषय-क्षेत्र मनोविकार, काव्यशास्त्र एवं आलोचना के परिक्षेत्र में है। ये निबंध हिन्दी साहित्य की अमूल्य धरोहर हैं। अपनी मौलिक उद्भावनाओं और बलवती विचार शैली के कारण वे निबंध क्षेत्र के एकमात्र अधिपति हैं। लेखक ने भी इसी मत का समर्थन करते हुए इसे समालोचना का लक्षण-ग्रंथ कहा है।
आचार्य शुक्ल ने काव्य भाषा की चार मुख्य विशेषताएँ मानी हैं- लाक्षणिकता, रूप व्यापार सूचक शब्दों का प्रयोग, नाद-सौष्ठव तथा रूप गुण बोधक शब्दों का प्रयोग। वे अलंकारों को कविता का साधन मानते हैं, साध्य नहीं। छन्द-विधान को वे नाद-सौन्दर्य की प्रेषणीयता में सहायक मानते हैं। आलेख ‘भाषासृष्टि-भाषा-दृष्टि’ में लेखक ने शुक्ल जी के लेखन का मूल्यांकन उनके द्वारा निर्मित कसौटी पर ही किया। इससे उनकी आलोचनात्मक दृष्टि और रचनात्मक सृष्टि का पता चलता है।

इसके अतिरिक्त आचार्य शुक्ल की कहानी ‘ग्यारह वर्ष का समय’ के बहाने शुक्ल जी की नैसर्गिक प्रतिभा एवं बहुआयामी व्यक्तित्व को चित्रांकित करने का प्रयास उल्लेखनीय है। राजस्थान साहित्य अकादमी,उदयपुर के सहयोग से मधुशाला प्रकाशन प्रा. लि. भरतपुर द्वारा प्रकाशित पुस्तक का आवरण पृष्ठ सहृदय चित्रकार चेतन औदीच्य की तूलिका से हुआ है, जिसमें गहन सौन्दर्य-बोध बिम्बित होता है। 150 पृष्ठीय पुस्तक का आमंत्रण मूल्य 300/- रखा गया है, जो उचित है। समग्रतः यह पुस्तक विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है जो आचार्य शुक्ल की दृष्टि व सृष्टि को समझना चाहते हैं।









पुस्तक: रामचन्द्र शुक्ल: दृष्टि-सृष्टि
लेखक: कृष्ण बिहारी पाठक
प्रकाशक: मधुशाला प्रकाशन प्रा. लि. भरतपुर
पृष्ठ: 150
मूल्य: 300/-

भारत की यात्रा कराती है यह पुस्तक

 भारत की यात्रा कराती है यह पुस्तक

राजस्थान पत्रिका 24 अक्टूबर,2021 के अंक में प्रकाशित  

प्रकृति और जीवन का सौंदर्य चराचर जगत का नैसर्गिक आनंद है। यायावर मन यदि इसे यात्रावृत्त रूपी साहित्यिक विधा में प्रकट करता है, तब उसका मन एकांत से प्रकृति का साहचर्य प्राप्त कर स्व से विराट तक गतिमान हो जाता है। जहां उसे नदी के प्रवाह, आकाश के मेघ, सागर की लहरें, पहाड़ों की शृंखलाएँ, भव्य इमारतें एवं अन्य कलाओं से उसका साक्षात्कार अनुभूति का चरम मान होता है। रचनाकार की यह दृष्टि अपनी आयत्त अनुभूतियों के माध्यम से निस्संदेह सार्वजनीन हो जाती है।

 

डॉ.राजेश कुमार व्यास एक कला प्रेमी, रसज्ञ कवि होने के साथ-साथ समकालीन यात्रावृत्त लेखकों में उभरता हुआ नाम है। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास से प्रकाशित 'आंख भर उमंग' कृति एक दशक की यात्राओं का भाव भरा प्रस्फुटन है, जिसे लेखक ने बड़े मनोयोग से पाठकों के समक्ष प्रस्तुत किया है। यह यात्रा चंबल के जंगलों, नालंदा के खंडहर, नर्मदा की धाराओं, पहाड़ों की नैसर्गिक छटाओं के साथ-साथ भारत की लोक संस्कृति, ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक अन्तर्यात्राओं को भी समाहित करती है, जहां प्रकृति,वास्तु शिल्प, इतिहास एवं कला का वैभव चाक्षुष बिम्ब के रूप में व्यक्त होता है।

 

पहाड़ों की यात्रा में रोमांच के साथ प्राकृतिक सुषमा का मोहक दृश्य लेखनी की गति को भी मंत्रमुग्ध कर देता है। भीमताल की यात्रा करते हुए वे लिखते हैं, " गाड़ी पहाड़ से नीचे उतर रही है। पेड़ों का झुरमुट... और बीच में इकट्ठा जल। बरखा के पानी को जैसे धरित्री ने अपनी छोटी सी अंजुरी में बहुत जतन से समेट लिया है।" यह भावमयी क्षिप्रता आकर्षण पैदा करती है।


यात्रा के साथ साथ लोक संस्कृति से तादात्म्य हमारी आंतरिक लय को भी गतिमान कर देता है। 'दहकते अंगारों पर सबद नाद' शीर्षक यात्रावृत्त में जसनाथी नृत्य का वर्णन करते हुए लेखक स्वयं चमत्कृत होकर लिखते हैं, "लाल दहकते अंगारों पर जसनाथी नृत्य। तेज होते वाद्यों की गति और शब्द नाद के साथ नर्तक अपनी धुन में मगन। औचक एक नर्तक अंगारे को हाथों में उठा मुँह में डाल रहा है तो दूसरा उसे अपनी हथेली में ले मजीरे की तरफ फोड़ रहा है।" यह वर्णन पाठक को भी रोमांचित कर देता है।

 

डॉ. व्यास प्रकृति के चितेरे हैं। ऐसी स्थिति में पदार्थवादी दुनिया के प्रति विकर्षण स्वाभाविक है। कश्मीर की वादियों में विचरते हुए अपने मन की थाह लेते हुए कह उठते हैं, "शहरीपन से आए बदलावों पर जब भी विचारता हूँ, मन जैसे बुझ जाता है। ढूंढने लगता हूँ, इस गडरिए जैसी उस मस्ती को जो अब न जाने कहाँ लोप हो गई है।"

इसी तरह कवि मन, कला हृदय लेखक ने गाँव, नगर, दुर्ग, नदियों, पहाड़ों, मंदिरों से लेकर खेत खलिहानों तक की यात्रा को जीवंत रूप में प्रवाहमयी शैली के साथ प्रस्तुत किया है। उल्लेखनीय है कि यात्रावृत्त रिपोर्ताज शैली में ना लिखकर भाव-भरी रसात्मक शैली में प्रांजल शब्दावली के साथ है, जिसमें पाठक लेखक के साथ ठहरता हुआ यात्रा करता है। लघु आकार में अनावश्यक अलंकरण से बच पाना लेखक की उदारता का प्रमाण है। पाठकों की सीमाओं का ध्यान रखना भी लेखक की सिद्धहस्तता को प्रकट करता है। छिहत्तर यात्रावृत्त को 250 पृष्ठों में समाहित कर संपूर्ण भारत की परिक्रमा का प्रयास प्रशंसनीय है।

 


 पुस्तक: आँख भर उमंग

लेखक: डॉ. राजेश कुमार व्यास

प्रकाशक: राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत

पृष्ठ संख्या: 250

आमंत्रण मूल्य: 310/-

====================

Search This Blog