भारतीय परिवार:यथार्थ एवं भविष्य

भारतीय परिवार:यथार्थ एवं भविष्य


                                  परिवार समाज की आधारभूत इकाई है।परिवार संस्कारित है तो समाज उन्नत राष्ट्र सशक्त है।एक सशक्त राष्ट्र की आधार शिला पर ही धर्म और संस्कृति सुरक्षित रहती है।अतः परिवार को व्यक्तित्व विकास का केंद्र बनाए रखना परम आवश्यक है।भारतीय जीवन पद्धति में इस हेतु संयुक्त परिवार शैली को अपनाया था, इसमें परिवार का केंद्र बिंदु था - बालक।माता- पिता ,दादा- दादी व अन्य सदस्य उसकी परिधि थे। माता -पिता का दायित्व आर्थिक समृद्धि का था तो दादा-दादी सांस्कृतिक हस्तांतरण का पुनीत कार्य कर रहे थे।इस जीवनशैली में अपनेपन का सामूहिक आभास था , जहां समरसता का प्रवाह था।परिणाम स्वरुप सदियों से हमारे संस्कार विद्यमान रहे चिरकालीन दासता के क्षणों में भी हमारी संस्कृति सुरक्षित रहीं।                               
              भूमंडलीकरण के प्रभाव से एकांगी दृष्टि का तीव्रतम प्रसार हुआ, जिसका करारा प्रहार भारतीय पारिवारिक जीवन पर हुआ।व्यक्ति की मानसिक कुंठा, आर्थिक लालसा, असीमित आकांक्षा, असहिष्णुता और व्यक्तिवादी सोच से परिवार टूटने शुरू हो गए।इस बिखराव के दौर में हम देखते हैं कि आज व्यक्ति केंद्र में है। उसके एक तरफ संतान के पोषण का दायित्व है तो दूसरी तरफ माता-पिता की अपेक्षाएं।वह दोनों जिम्मेदारियां उठाने में असमर्थ है. फलतः संतान संस्कार हीनता की तरफ बढ़ रही है और माता-पिता उपेक्षित हो रहे हैं। वह स्वयं मानसिक अशांति से ग्रस्त होकर अकेलेपन की समस्या से जूझ रहा है। 
                       वस्तुतः रिश्ते हैं तो जिंदगी है. परिवार को तोड़ना कोई नहीं चाहता परंतु कतिपय कारक उन्हें बाध्य कर रहे है, यथा- 1. व्यक्तिवादी दृष्टिकोण से अहंकार चरम पर है। यह शिक्षा जनित , अर्थ जनित और उम्र जनित है । स्वार्थ एवं स्वयं का एकांगी विकास इसका मूल है. इससे अवचेतन में पारस्परिक स्नेह के स्थान पर वैमनस्य ने घर कर लिया है. आज प्रतिस्पर्धा अपने ही परिवार के सदस्यों से आरंभ हो गई है, तब विकार ग्रस्तता तो होगी ही।
                                2. समय के साथ रिश्तो में टकराव का दूसरा कारण है- भावनाओं का केंद्रीयकरण। हमारे पास डिग्रियां है,धन है,धरोहर है,पर रिश्ते समाप्त होने के कगार पर है। जो व्यक्ति अपनी 40 से 50 वर्ष की आयु में अपने बच्चों के खातिर रिश्तो से दूर भागता है वही 60 वर्ष के बाद अपने बच्चों से उपेक्षित होकर फिर रिश्तो की तलाश करता है, लेकिन तब तक समय गुजर चुका होता है। 
                                 3. हम अंधी प्रगति का सपना बुन रहे हैं। एक व्यक्ती गांव से शहर में, शहर से महानगर में और महानगर से विदेश पलायन कर रहा है। सिर्फ भागना और अहम् की तुष्टि ही उसके जीवन का उद्देश्य बनकर रह गया है आज शहरों की कॉलोनियां बुजुर्गों से शोभित है, जहां बच्चों की किलकारियों का संगीत नहीं है। यह सब हमारे समय का सच है। 
                                     4.दो पीढ़ियों के मध्य संतुलन का अभाव होने से पीढ़ीगत अंतराल बढ़ता जा रहा है ।पुरानी पीढ़ी के पास यही अनुभव हैै तो नई पीढ़ी के पास प्रतिभा। दोनों में टकराव बढ़ रहा है । एक ओर परंपराओं का अत्यधिक आग्रह है तो दूसरी ओर समय के साथ तेज गति से बढ़ना। यह अलगाव को जन्म दे रहा है। इन परिस्थितियों में हम न तो अपने आदर्शों से विमुख हो सकते हैं और न ही इस कड़वे सच से अलग। मौन होकर दर्शक की भूमिका निभाना हमारी विवशता हो गई है। फिर भी समृद्धिमय पारिवारिक जीवन के बीज हमें आयातीत संस्कृति में कदापि नहीं मिल सकते।
                              यदि हम भारतीय जीवन दृष्टि का गहराई से अवलोकन करें तो कुछ आशा के बिंदुओं पर कराते हैं जिन पर ध्यान दिया जाना वर्तमान की आवश्यकता है, जैसे-
                         1. पारिवारिक समरसता के लिए चार गुण अनिवार्य हैं,वे हैं- सहनशीलता, स्नेहशीलता,श्रमशीलताऔर पारस्परिक विश्वास। इन गुणों को सहेजकर पारिवारिक बिखराव को रोका जा सकता है। 
                                          2. मैकेंजी के अनुसार, “परिवार यदि छोटा राज्य है तो शिशु उसका वास्तविक सम्राट।” संयुक्त परिवार में बालक का संपूर्ण व्यक्तित्व निखर सकता है। अब हमें सोचना है कि हम अपनी संतति को किस दिशा में ले जाएं?
                                            3. भारतीय परिवारों में नारी ममता,समता और क्षमता की त्रिवेणी है। ममता से वह नई पीढ़ी का पोषण करती है ,समता से परिवार का संचालन करती है, वहीं क्षमता से विपरीत परिस्थितियों में भी घर को बचा लेती है। अतः नारी के आंतरिक गुणों का सम्मान होना अपेक्षित है। 
                               4. आज परिवार में युवा उपेक्षित है। वह न तो बड़ो की श्रेणी में है और न बच्चों की। माता-पिता की असीमित महत्वकांक्षाएं उसका दम घोंट रही है। वह विद्रोही होता जा रहा है। परिवार के वरिष्ठ सदस्यों को यह समझना होगा की युवा पीढ़ी आने वाले समय की संपदा है। इनके स्वप्नों को अपने विचारों को गुलाम नहीं बना कर इनकी मौलिक सोच को प्रोत्साहन व अपनापन दे। यह युवा कंधे अपने पिता के सबसे मजबूत साथी होंगे। 
                            5. बुजुर्ग हमारी विरासत है। उनका सम्मान अपनी सांस्कृतिक धरोहर की अक्षुण्णता को बनाए रखेगा। उनका दायित्व है कि वह परंपराओं का सामाजिक परिवेश में अवलोकन करें। मृत रूढ़ियों का स्वयं विरोध करें। ऐसी स्थिति में नई पीढ़ी का ममत्व उन्हें जीवन की संपूर्णता का बोध करवाएगा।
                       6. पारिवारिक सदस्य एक-दूसरे की गरिमा का सम्मान रखते हुए सीमाओं का अतिक्रमण नहीं करे। एकांगी वृत्ति का परित्याग कर समरसीदृष्टि अपनाएं। तब ना तो परिवार में अशांति का वातावरण होगा और ना ही अतार्किक बहस होगी। 
                    7. जहां तक अर्थ की उपयोगिता का प्रश्न है तो यह स्पष्ट है कि सामाजिक जीवन में धन विनियोग का साधन है। जीवन चलाने का माध्यम धन हो सकता है परंतु यही जीवन का एक मात्र साध्य नहीं है। कभी-कभी यह शोषण, उत्पीड़न और भ्रष्ट आचरण का पर्याय बन जाता है। अतः जीवन को अर्थकेंद्रित न रखकर उसे जीवन केंद्रित बनाने का प्रयास करना चाहिए। अभी हमारे पास समय शेष है । पाश्चात्य भोगवादी दृष्टि से प्रभावित होकर हमें अपने विरासत के मूल गुणों को नहीं भूलना चाहिए। ऐसी स्थिति में अपनी समृद्धि के साथ पारिवारिक समरसता भी लौट आएगी, जिसकी चाह हमारे हृदय में कई बार कसक बन कर उभर आती है। -डॉ. राजेंद्र कुमार सिंघवी

हिंदी का क्रमिक विकास और भारतीय भाषाओं के साथ उसका सम्बन्ध

‘हिन्दी’ शब्द की व्युत्पत्ति का संबंध सिन्धु नदी से है । विदित है कि अधिकांश विदेशी आक्रांता उत्तर-पश्चिम सिंह द्वार से ही भारत में प्रविष्ट हुए । भारत आने वाले इन विदेशियों ने जिस देश के दर्शन किए वह ‘सिन्धु’ का देश था । ईरान (फारस) के साथ भारत के प्राचीन काल से ही संबंध थे । फारसी में संस्कृत की ‘स’ ध्वनि ‘ह’ में परिवर्तित हो जाती है अतः ईरानी ‘सिंधु’ को ‘हिन्दु’ कहते थे । कालान्तर में ‘हिन्दु’ से ‘हिन्द’ बना और स्थानवाचक संज्ञा के रूप में ‘हिन्दी’ शब्द की उत्पत्ति हिन्द देश के निवासियों के अर्थ में हुई । आगे चलकर यह शब्द ‘हिन्द की भाषा’ के अर्थ में प्रयुक्त होने लगा ।
वर्तमान में ‘हिन्दी’ को जो स्वरूप हमारे समक्ष विद्यमान है, उसका समय के साथ क्रमिक विकास का आधार है । हिन्दी की आदि जननी संस्कृत है । संस्कृत पालि, प्राकृत और अपभ्रंश के मार्ग से गुजरती हुई प्रारंभिक हिन्दी का रूप ग्रहण करती है । हिन्दी भाषा के विकास का विशुद्ध आरंभ ‘अपभ्रंश’ से माना जाता है, जो हमारे देश में 500 ई. से लेकर 1000 ई. के मध्य तक समृद्ध रूप में रही । अपभ्रंश से ही आधुनिक आर्य भाषाओं का भी विकास हुआ है, जो इस प्रकार है-
अपभ्रंश के भेद-आधुनिक भारतीय आर्य भाषाएँ-
शौरसेनी-पश्चिमी हिन्दी, राजस्थानी, गुजराती
अर्द्ध मागधी-पूर्वी हिन्दी
मागधी-बिहारी, उड़िया, बांग्ला, असमिया
खस-पहाड़ी
ब्राचड़-सिंधी
पैशाची-पंजाबी
महाराष्ट्री-मराठी
अपभ्रंश के बाद हमारे देश में विविध भाषाओं का विकास होने लगा । इन प्रमुख भाषाओं में गुजराती, बांग्ला, उड़िया, असमिया, सिंधी, पंजाबी, मराठी के साथ हिन्दी भाषा समूह का विकास हुआ । वस्तुतः ‘हिन्दी’ शब्द भाषा विशेष का पर्याय नहीं, बल्कि भाषा-समूह का नाम है। हिन्दी जिस भाषा समूह का नाम है, उसमें आज के हिन्दी प्रदेशों की पाँच प्रमुख उपभाषाएँ यथा-राजस्थानी, हिन्दी, पश्चिमी हिन्दी, पूर्वी हिन्दी, बिहारी हिन्दी तथा पहाड़ी हिन्दी सम्मिलित हैं । इन पाँच उपभाषाओं की कुल 17 बोलियाँ इसकी संपत्ति है ।
हिन्दी भाषा-समूह व उसकी बोलियों का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है-
उपभाषाबोलियाँ-
पश्चिमी हिन्दी-खड़ी बोली, ब्रज, बांगरू, कन्नौजी, बुंदेली 
पूर्वी हिन्दी -अवधी, बघेली, छत्तीसगढ़ी
बिहारी हिन्दी-भोजपुरी, मैथिली, मगही
राजस्थानी हिन्दी-मारवाड़ी, जयपुरी, मेवाती, मालवी
पहाड़ी हिन्दी-गढ़वाली, कुमाऊँनी आदि ।
इन बोलियों की विशिष्टता है कि किसी निश्चित कालखंड में इन्होंने ‘हिन्दी’ का नेतृत्व किया है, जैसे- आदिकाल में राजस्थानी, भक्तिकाल में अवधी, ब्रज आदि, रीतिकाल में ब्रज तथा आधुनिक काल में खड़ी बोली आदि ।  सुखद पहलू यह है कि अन्य बोलियों ने सहजता से दूसरे का नेतृत्व स्वीकार किया । साथ ही समस्त बोलियों का फलना-फूलना जारी रहा । आज हिन्दी का विशाल साहित्य इन्हीं बोलियों में पल्लवित साहित्य का परिणाम है । इसका क्षेत्र इतना व्यापक रहा कि स्वतंत्रता-संघर्ष में एकमात्र यही भाषा थी, जिसने पूरे भारत को एक सूत्र में बाँध दिया था ।
हिन्दी के व्यापक प्रभाव का प्रमाण कुछ उदाहरणों से पुष्ट होता है । दिल्ली के सहायक रेजिडेंट ‘मेटकॉफ’ ने फोर्ट विलियम कॉलेज के ‘हिन्दुस्तानी’ के विभागाध्यक्ष जॉन गिलक्राइस्ट को एक पत्र लिखा- “भारत के जिस भाग में भी मुझे काम करना पड़ा है, कलकत्ता से लेकर लाहौर तक, कुमायूँ के पहाड़ों से नर्मदा तक, अफगानों, मराठों, राजपूतों, जाटों, सिक्खों और उन प्रदेशों के सभी कबीलों में जहाँ मैंने यात्रा की है, मैंने उस भाषा का आम व्यवहार देखा है, जिसकी शिक्षा आपने मुझे दी थी । मैं कन्याकुमारी से कश्मीर तक ........ इस विश्वास से यात्रा करने की हिम्मत कर सकता हूँ कि मुझे हर जगह ऐसे लोग मिल जायेंगे जो हिन्दुस्तानी बोल लेते होंगे ।”
इसी तरह एनीबेसेंट ने कहा था, “हिन्दी जानने वाला संपूर्ण भारतवर्ष में मिल सकता है और भारत भर में यात्रा कर सकता है ।” एशियाटिक रिसर्च के लेखक एच.टी.कोलब्रुक ने लिखा- “जिस भाषा का व्यवहार भारत में प्रत्येक प्रांत के लोग करते हैं, जो पढ़े-लिखे तथा अनपढ़ दोनों की साधारण बोलचाल की भाषा है और जिसको प्रत्येक गाँव में थोड़े बहुत लोग अवश्य समझ लेते हैं, उसी का यथार्थ नाम हिन्दी है ।” भारतीय भाषा विशेषज्ञ जार्ज ग्रियर्सन ने भी हिन्दी को भारत की सामान्य भाषा माना है ।
हिन्दी का राष्ट्रीय स्वरूप निर्मित करने में हिन्दी अहिन्दी भाषा समूह के अध्येताओं का बड़ा योगदान रहा है। बुंदेली से मैथिलीशरण गुप्त, भोजपुरी क्षेत्र से जयशंकर प्रसाद, अवधी से निराला, ब्रज से महादेवी तो मगही से दिनकर ने इस ओर प्रस्थान किया, वहीं प्रेमचंद उर्दू से हिन्दी की ओर प्रविष्ट हुए । बंगाल से क्षिति मोहन सेन, महाराष्ट्र से माचवे, तेलगु से सुंदर रेड्डी तो पंजाबी से यशपाल के आगमन ने हिन्दी को सच्चे अर्थों में राष्ट्रीय गौरव दिलाया ।
किंतु सन् 1956 ई. में भाषायी आधार पर प्रांतों के उदय से, कुछ अंग्रेजी परस्त मानसिकता ने तो कुछ राजनीतिक स्वार्थ से हिन्दी का विरोध हुआ । इस विवाद का सर्वाधिक लाभ ‘अंग्रेजी’ को हुआ, जिसने राजकाज की भाषा में अपना स्थान और मजबूत कर लिया । कुछ अवसरवादी और सुविधाभोगी ताकतें अपने अस्तित्व को कायम रखने हेतु अंग्रेजी को प्रश्रय देती रहीं, परिणाम यह हुआ कि शासन-संचालन से लेकर आम जीवन में प्रभुता का वरण कर यह हमारे मानस-पटल पर छा गई । आज ‘सीसेट’ परीक्षा में हिन्दी-अंग्रेजी विवाद इसी की देन है ।
गौर करें तो स्पष्ट होगा कि देश की एक अरब जनता की आज भी शासन में भागीदारी नहीं है, क्योंकि वे अंग्रेजी नहीं जानते । बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से खर्चीली पढ़ाई कराने में वे सक्षम भी नहीं है, अतः उच्च पदों पर उनका आना एक स्वप्न ही है । विगत वर्ष में आयोजित सिविल सर्विस परीक्षा में कुल 1122 अभ्यर्थी चयनित हुए । उनमें हिन्दी माध्यम के 26 तथा अन्य भारतीय भाषाओं के 27 अभ्यर्थी चयनित हुए । यह स्थिति तो किसी गुलाम देश की भी नहीं हो सकती । यह प्रश्न मात्र हिन्दी का ही नहीं, बल्कि समस्त भारतीय भाषाओं के अस्तित्व का है । यह कैसे संभव है कि 2 प्रतिशत अंग्रेजी जानने वाला समूह 98 प्रतिशत शेष समूह पर अपनी नीतियाँ थोपे और लोकतंत्र के स्वाभाविक अधिकार पर अंकुश लगाए ।
मेरा मानना है कि अपभ्रंश से जनित अधिकांश आर्य भाषाओं का हिन्दी से खून का रिश्ता है, तो दक्षिण की भाषाओं ने अपना विराट साहित्यिक गौरव बनाये रखा है । अब प्रश्न हिन्दी अथवा अन्य भारतीय भाषाओं के संघर्ष का नहीं रहना चाहिए, क्योंकि हिन्दी के साथ यदि अन्य बोलियों का साहित्य फल-फूल सकता है तो अन्य भाषाओं का क्यों नहीं? मेरा मानना है कि पारस्परिक सामंजस्य से तो सभी भारतीय भाषाओं का स्नेहपरक आदान-प्रदान इन्हें समृद्ध बनाएगा और क्षेत्रीय परिधि राष्ट्रीय स्तर तक फैलेगी ।
अब समय आ गया है कि अंग्रेजी वर्चस्व को चुनौती देने के लिए हिन्दी के नेतृत्व में समस्त भारतीय भाषाओं को एकजुटता दिखाते हुए अपने अस्तित्व को बचाए रखने के लिए संघर्ष करना होगा । उच्च संवैधानिक संस्थाओं यथा-कार्यपालिका, न्यायपालिका या व्यवस्थापिका में भारतीय भाषाओं को यथोचित स्थान दिलाने के लिए सर्वप्रथम अंग्रेजी मानसिकता से बाहर आना होगा ।
अंग्रेजी यदि तकनीक की भाषा है, यह दिखावा है । रूस, जापान, चीन ने अपना तकनीकी विकास अपनी भाषा में किया है, अतः यह भ्रम है कि अंग्रेजी के ज्ञान के अभाव में हम पिछड़ जाएँगे । वस्तुतः यह भाव ही हमें अंग्रेजी का पिछलग्गु बना रहा है और स्वयं की भाषाओं का साहित्य, संस्कृति एवं गौरव को धीरे-धीरे हमारी पीढ़ियों के दायरे से बाहर कर रहा हैं । आशा है हिन्दी व गैर हिन्दी समूह इस प्रश्न पर अवश्य विचार करेगा । 
-

Search This Blog